सूरत : चैंबर ने किया इंटरैक्टिव सेशन आयोजित, विकास खेमानी ने इन्वेस्टर्स को लॉन्ग-टर्म वेल्थ क्रिएशन पर किया गाइड

कार्नेलियन एसेट मैनेजमेंट के फाउंडर ने बताया 20 सालों में निफ्टी में 28-29 गुना की वृद्धि, भारत की इकोनॉमी मजबूत

सूरत : चैंबर ने किया इंटरैक्टिव सेशन आयोजित, विकास खेमानी ने इन्वेस्टर्स को लॉन्ग-टर्म वेल्थ क्रिएशन पर किया गाइड

सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने मेहता वेल्थ लिमिटेड के सहयोग से शनिवार, 13 दिसंबर 2025 को सरसाना स्थित समहति में एक विशेष इंटरैक्टिव सेशन का आयोजन किया।

इस सेशन में कार्नेलियन एसेट मैनेजमेंट एंड एडवाइजर्स के फाउंडर एवं चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर (CIO) मिस्टर विकास खेमानी ने प्रोफेशनल्स और निवेशकों को वेल्थ क्रिएशन से जुड़े अहम पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम में चैंबर ऑफ कॉमर्स के वाइस प्रेसिडेंट अशोक जीरावाला ने कहा कि मौजूदा बदलते आर्थिक परिदृश्य में लॉन्ग-टर्म इन्वेस्टमेंट का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है।

निवेश केवल तात्कालिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि भरोसे, अनुशासन और धैर्य के साथ भविष्य को सुरक्षित करने का माध्यम है। चैंबर का उद्देश्य ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से अपने सदस्यों को व्यावसायिक ही नहीं, बल्कि वित्तीय रूप से भी सशक्त बनाना है।

सेशन को संबोधित करते हुए विकास खेमानी ने भारतीय शेयर बाज़ार की दीर्घकालिक ग्रोथ का उदाहरण देते हुए बताया कि वर्ष 2001 में निफ्टी जहां करीब 800 अंकों पर था, वहीं आज यह 26,000 अंकों के स्तर तक पहुंच चुका है।

उन्होंने कहा कि बीते दो दशकों में भारत का कुल कॉर्पोरेट प्रॉफिट 8 बिलियन अमेरिकी डॉलर से बढ़कर लगभग 170 बिलियन डॉलर हो गया है, जो देश की मज़बूत आर्थिक प्रगति को दर्शाता है।

उन्होंने निवेशकों को सलाह दी कि लॉन्ग-टर्म में बेहतर रिटर्न के लिए डिसिप्लिन्ड इन्वेस्टमेंट, सही एसेट एलोकेशन और धैर्य बेहद ज़रूरी हैं। शॉर्ट-टर्म उतार-चढ़ाव से प्रभावित हुए बिना मज़बूत फंडामेंटल्स वाली कंपनियों में निरंतर निवेश करना चाहिए। साथ ही, निवेश से पहले अपनी रिस्क टॉलरेंस, फाइनेंशियल गोल और टाइम फ्रेम को स्पष्ट करना भी आवश्यक है।

खेमानी ने यह भी कहा कि जल्द मुनाफे के लालच में निर्णय लेने के बजाय, रिसर्च और विशेषज्ञ सलाह के आधार पर किया गया निवेश लंबे समय में स्थिर और संतोषजनक रिटर्न देता है। विभिन्न सेक्टरों में डाइवर्सिफिकेशन से जोखिम कम होता है और पोर्टफोलियो संतुलित रहता है।

सेशन के अंत में उन्होंने उपस्थित निवेशकों के सवालों के उत्तर दिए और मौजूदा आर्थिक हालात, मार्केट ट्रेंड्स व भविष्य की संभावनाओं पर उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम में चैंबर के ऑनरेरी ट्रेजरर सीए मितिश मोदी ने उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। मेहता वेल्थ लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर क्रुणाल मेहता ने वक्ता का परिचय कराया, जबकि चैंबर के ग्रुप चेयरमैन डॉ. अनिल सरावगी ने सेशन का कुशल संचालन किया।

Tags: Surat SGCCI