वडोदरा में मतदाता सूची सुधार के लिए विशेष शिविर का आयोजन
बीएलओ मतदान केंद्रों पर सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक रहेंगे उपस्थित, मतदाता कर सकेंगे मैपिंग और लिंकिंग
वडोदरा जिले में मतदाता सूची विशेष गहन सुधार कार्यक्रम (एसआईआर) – 2025 के तहत इस सप्ताहांत शनिवार और रविवार (15 व 16 नवंबर) को विशेष मतदाता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी तरह, अगले सप्ताह 22 और 23 नवंबर को भी ऐसे शिविर लगाए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. अनिल धामेलिया के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित और सटीक बनाना है। कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक उपस्थित रहेंगे।
इस दौरान मतदाता बीएलओ की सहायता से अपने नाम, पते या परिवार के अन्य सदस्यों की जानकारी की मैपिंग और लिंकिंग करवा सकेंगे। जिन मतदाताओं या उनके परिजनों (माता-पिता, दादा-दादी) का नाम वर्ष 2022 की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें आवश्यक वैकल्पिक साक्ष्य के बारे में उचित मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने वडोदरा जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे इन विशेष शिविरों में भाग लेकर अपने नाम और विवरण को अद्यतन कराएं, ताकि आगामी चुनावों में उनका नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित रूप से दर्ज हो सके।
