सूरत : 'प्रकृति-आयुष कॉन्क्लेव 2025' में 1100 लोग करेंगे एक साथ आभामंडल सफाई, बनेगा विश्व रिकॉर्ड
चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा 11 नवंबर को प्लेटिनम हॉल, सरसाणा में होगा आयोजन
सूरत। दक्षिण गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आगामी मंगलवार, 11 नवंबर 2025 को सुबह 9:00 बजे से सूरत के सरसाणा स्थित एसआईईसीसी परिसर के प्लेटिनम हॉल में 'प्रकृति-आयुष कॉन्क्लेव 2025' का आयोजन किया जाएगा।
इस अनूठे आयोजन में 1100 प्रतिभागी एक साथ आभामंडल सफाई (Aura Cleansing) करेंगे, जिसके माध्यम से विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा। प्रत्येक प्रतिभागी को आधिकारिक विश्व रिकॉर्ड प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।
चैंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने कहा कि “प्रकृति-आयुष कॉन्क्लेव 2025 केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सूरत को ‘स्वस्थ और प्राकृतिक जीवनशैली’ की दिशा में अग्रसर करने का प्रेरक अभियान है। आज के तनावपूर्ण जीवन में प्रकृति से जुड़ना और आयुष चिकित्सा पद्धतियों को अपनाना अत्यंत आवश्यक हो गया है।”
कॉन्क्लेव का उद्देश्य समाज में प्राकृतिक चिकित्सा, योग, आयुर्वेद, होम्योपैथी, सुजोक और अन्य वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूकता फैलाना है। इस मंच के माध्यम से नागरिकों में स्वस्थ जीवनशैली और प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व को रेखांकित किया जाएगा।
चैंबर की आयुष समिति की अध्यक्ष डॉ. मनशाली ने बताया कि इस कार्यक्रम में लोकसभा सांसद पुरुषोत्तमभाई रूपालाजी मुख्य अतिथि होंगे, जबकि आचार्य डॉ. लोकेश मुनि (संस्थापक – अहिंसा विश्व भारती एवं विश्व शांति केंद्र) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
स्वामी अशोकानंदजी (अमृत प्रकाशजी), प्रमुख – श्री भागीरथी धाम एवं श्री कृष्णायन गौरक्षा विद्यालय, हरिद्वार अतिथि वक्ता के रूप में प्रवचन देंगे।
कार्यक्रम में 20 से अधिक स्टॉलों वाली मेगा प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें आयुष उत्पाद, हर्बल वेलनेस, प्राकृतिक जीवनशैली और स्वास्थ्य नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा।
साथ ही, कल्पेश सावज द्वारा एक्यूप्रेशर, एक्यूपंक्चर, मुद्रा, सुजोक और कर्ण चिकित्सा पर डेमो कार्यशालाएँ आयोजित होंगी।
एक विशेष योग मुद्रा कार्यशाला भी रखी जाएगी, जिसमें श्वास नियंत्रण, मन-शरीर संतुलन और आध्यात्मिक मार्गदर्शन पर फोकस किया जाएगा।
यह कॉन्क्लेव सूरत शहर में स्वास्थ्य, आयुर्वेद और प्रकृति-आधारित जीवन मूल्यों को बढ़ावा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा।
