राजकोट : सेबी की संगोष्ठी में निवेशकों को दी गई सुरक्षित निवेश की सीख

राजकोट : सेबी की संगोष्ठी में निवेशकों को दी गई सुरक्षित निवेश की सीख

राजकोट में ‘जागरूक निवेशक, सशक्त निवेशक’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने साइबर धोखाधड़ी से बचाव और केवल पंजीकृत संस्थाओं से व्यापार करने की दी सलाह

राजकोट में भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) द्वारा ‘जागरूक निवेशक, सशक्त निवेशक’ विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में एमसीएक्स और एनसीडीईएक्स सहित विभिन्न व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने निवेशकों को वित्तीय सुरक्षा, निवेश प्रबंधन और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।

हेमू गढ़वी सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में सेबी के मुख्य महाप्रबंधक दीपक त्रिवेदी, सहायक महाप्रबंधक राहुल केलपुरा, एमसीएक्स के उपाध्यक्ष देबज्योति रॉय, एनसीडीईएक्स की वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमती कविता झा और अर्चना वेणुगोपाल उपस्थित रहे। विशेषज्ञों ने निवेशकों को केवल सेबी द्वारा अनुमोदित और पंजीकृत संस्थाओं के साथ ही व्यापार करने की सलाह दी तथा अधिक मुनाफे के झांसे से बचने का आग्रह किया।

राजकोट साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के निरीक्षक नीरज निमावत ने इस अवसर पर निवेशकों को साइबर सुरक्षा संबंधी अहम जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शेयर और विदेशी मुद्रा व्यापार के लिए केवल अनुमोदित संस्थाओं के ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें और सोशल मीडिया के माध्यम से आने वाले कॉल या विज्ञापनों पर भरोसा न करें।

उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी अज्ञात स्रोत से APK फाइल डाउनलोड न करें, संदिग्ध लिंक या फाइल न खोलें, और कभी भी ओटीपी या पिन नंबर साझा न करें। निरीक्षक निमावत ने हैकिंग, सोशल मीडिया धोखाधड़ी, बुलिंग और ऑनलाइन जालसाजी से बचाव के उपाय भी बताए।

संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने तकनीक के बढ़ते उपयोग के बीच जागरूक और सतर्क रहने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद रमाबेन मावाणी, रामजीभाई मावाणी, साइबर अपराध विभाग के अधिकारी, निवेशक और महाविद्यालयीन विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे तथा सुरक्षित निवेश एवं वित्तीय प्रबंधन की बारीकियाँ सीखी।

Tags: Rajkot