सूरत : एकल श्रीहरि राष्ट्रीय समन्वय समिति की दो दिवसीय बैठक संपन्न
बेंगलुरु में 10 विषयों पर हुआ व्यापक मंथन, देश-विदेश के प्रतिनिधियों ने लिया भाग
एकल श्रीहरि राष्ट्रीय समन्वय समिति की दो दिवसीय बैठक का आयोजन 21 और 22 जून को बेंगलुरु में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस बैठक में देशभर के विभिन्न चैप्टर्स के साथ-साथ नेपाल से भी प्रतिनिधियों ने भाग लेकर संगठन के कार्यों और भविष्य की दिशा पर विचार-विमर्श किया।
बैठक का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें एकल अभियान के राष्ट्रीय अभियान प्रभारी राजेश गोयल, एकल श्रीहरि के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीए महेश मित्तल, महामंत्री विजय केडिया, एकल अभियान प्रमुख डॉ. ललन शर्मा एवं प्रो. मंजू श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में सीए महेश मित्तल ने संगठन की अब तक की यात्रा को "ब्रह्मचर्य आश्रम" की संज्ञा दी और कहा कि अब यह "गृहस्थ आश्रम" में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि अब तक संगठन की नींव तैयार की गई है, और आने वाले पांच वर्षों में इसी आधार पर एक सशक्त एवं भव्य संगठनात्मक संरचना का निर्माण किया जाएगा।
बैठक के दौरान कुल छह सत्रों में दस महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई। इन सत्रों में संगठन की वर्तमान गतिविधियाँ, आगामी लक्ष्यों, कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्थाओं एवं सामूहिक विकास की रणनीतियों पर विचार किया गया।
बैठक का संपूर्ण संचालन एवं आतिथ्य बेंगलुरु श्रीहरि चैप्टर द्वारा किया गया। समापन सत्र में बेंगलुरु चैप्टर के अध्यक्ष सुरेश मोदी, संजय मोदी एवं कांता सोमानी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। बैठक का समापन शांति मंत्र के उच्चारण के साथ हुआ। यह बैठक एकल श्रीहरि के संगठनात्मक विस्तार और रणनीतिक दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुई।