सूरत : भारी बारिश के बाद हालात सामान्य होने लगे, कई सड़कों पर फिर से शुरू हुआ यातायात
नगर आयुक्त शालिनी अग्रवाल की सक्रियता से शुरू हुई जलनिकासी, रांदेर, अडाजण, सरथाणा की बंद सड़कों पर फिर से बहने लगी रफ्तार
सूरत। सोमवार, 23 जून की सुबह भारी बारिश ने सूरत शहर को मानो थाम सा दिया था। शहर की कई सड़कों पर नदियों जैसे दृश्य नजर आने लगे। अडाजण, पाल, रांदेर, वराछा, सरथाणा, रामपुरा, सलाबतपुरा, भागल चार रास्ता, लाल दरवाजा और राजमर्ग सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में घुटनों तक पानी भर गया था। इससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और घरों के बाहर खड़ी गाड़ियां पानी में तैरती दिखीं।
हालात की गंभीरता को देखते हुए नगर आयुक्त शालिनी अग्रवाल ने तत्काल इंटिग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) पहुंचकर कमान संभाली और सभी विभागों को अलर्ट कर दिया। बारिश थमते ही जलनिकासी का काम शुरू किया गया। नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी सड़कों से पानी निकालने में जुट गए, जिससे कुछ ही घंटों में कई प्रमुख सड़कों पर यातायात बहाल हो गया।
नगर निगम के सूत्रों के अनुसार, अडाजण पाटिया स्थित धनमोरा कॉम्प्लेक्स, प्राइम आर्केड, मोरा भागल, सुभाष गार्डन, रांदेर रोड, साई आशीष सब्जी मार्केट, गोटालावाड़ी (कटारगाम अंचल) और एल.पी. सवाणी सर्किल जैसे जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में जलजमाव कम होने पर सड़कों को फिर से खोल दिया गया है।
इसी बीच, भारी बारिश के दौरान कुछ छात्र जलभराव में फंस गए थे। सरथाणा फायर स्टेशन के पास एक मारुति वैन में फंसे 5 बच्चों और एलपी सवाणी सर्किल पर ट्यूशन जा रहे 8 छात्रों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
सूरत नगर निगम की तेज कार्रवाई से शहर में हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने आगामी घंटों में फिर से बारिश की चेतावनी दी है, जिसे देखते हुए निगम ने कंट्रोल रूम को एक्टिव मोड में बनाए रखा है।
