सूरत : शनि जन्म महोत्सव पर जीण संघ का अनोखा आयोजन, 23 शनि मंदिरों में गूंजे ढोल, हुआ महाअभिषेक

शनि देव के जन्मोत्सव पर पुष्प, दीप, केक और भजन से सजा सूरत; श्रद्धालुओं ने किया नृत्य, जयकारों से गूंजे मंदिर परिसर

सूरत :  शनि जन्म महोत्सव पर जीण संघ का अनोखा आयोजन, 23 शनि मंदिरों में गूंजे ढोल, हुआ महाअभिषेक

श्री अखिल भारतीय जीण माता सेवा संघ, सूरत द्वारा इस वर्ष भी शनि जन्म महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अनोखे आयोजन के तहत जीण संघ के प्रतिनिधियों ने शहर के 23 प्रमुख शनि मंदिरों में जाकर ढोल-नगाड़ों की धुन पर शनि देव का महाअभिषेक, पूजा-अर्चना और उत्सव मनाया।

कार्यक्रम संयोजक आशु गर्ग ने जानकारी दी कि हर मंदिर में सरसों के तेल से शनि देव का अभिषेक, दुपट्टा ओढ़ाना, पुष्प हार अर्पण, अखंड दीप प्रज्वलन, धूप-बत्ती, नारियल, मिष्ठान्न और पान का भोग लगाया गया। मंदिर परिसर में भक्तों ने ढोल की धुन पर नाचते हुए “छाया पुत्र शनि देव की जय” और “तापी माता के भाई शनि देव की जय” के जयकारे लगाए, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।

प्रमुख शनि मंदिरों में सर्वेश्वर महादेव (अक्षर टाउनशिप), तापी कुबेरेश्वर महादेव (पाल रोड), अटल आश्रम, सूर्यपुत्र शनिदेव मंदिर (सोस्यो सर्किल), श्याम मंदिर (वेसू), पीपलेश्वर महादेव (भटार), राधा कृष्ण मंदिर (पारले प्वाइंट), शनि मंदिर (नीलगिरी सर्किल), एवं इच्छापुर शनि मंदिर (पुनागाम) सहित कुल 23 मंदिरों में यह आयोजन संपन्न हुआ।

गंगा होटल के पास स्थित शनि मंदिर में विशेष रूप से केक काटा गया, मंदिर को गुब्बारों से सजाया गया और शनि देव के स्वांग में मनीष पुजारी ने जब केक काटा, तो पूरा परिसर “हैप्पी बर्थडे टू शनि देव” के गीतों से गूंज उठा। इस विशेष अवसर पर 108 दीपों से आरती भी की गई। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जीण संघ के सौरभ मुरारका, विनोद शर्मा, संदीप जैन, गोविंद जिंदल, हितेश जी, नंदू मोहता, मीनाक्षी कबूतरवाला, राजेश काबरा, सहित 30 से अधिक सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। श्रद्धालुओं एवं शनि मंदिरों के पुजारियों ने जीण संघ के इस अनूठे सेवा-यज्ञ की भूरि-भूरि प्रशंसा की और इसे सूरत में शनि भक्ति का अद्वितीय उदाहरण बताया।

Tags: Surat