सूरत: कामरेज बनेगा दक्षिण गुजरात का सबसे बड़ा 'मेडिकल हब',1450 करोड़ की लागत से बनेंगे 3 सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल

30.55 हेक्टेयर में फैलेगा अत्याधुनिक हॉस्पिटल कैंपस; कैंसर, कार्डियक और यूरोलॉजी जैसी गंभीर बीमारियों का एक ही जगह होगा इलाज

सूरत: कामरेज बनेगा दक्षिण गुजरात का सबसे बड़ा 'मेडिकल हब',1450 करोड़ की लागत से बनेंगे 3 सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल

सूरत। गुजरात सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में सूरत के कामरेज क्षेत्र को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा 'ऐतिहासिक तोहफा' दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में, कामरेज में लगभग 1450 करोड़ की लागत से एक विशाल 'स्टेट-ऑफ-द-आर्ट' हॉस्पिटल कैंपस के निर्माण को मंजूरी दी गई है।

इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि एक ही परिसर में जनरल अस्पताल के साथ तीन अलग-अलग सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाए जाएंगे।

जनरल ब्रॉड स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में 1500 बेड की क्षमता वाला विशाल अस्पताल। जिसमें कार्डियक और न्यूरो सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल 500 से अधिक बेड, हृदय और मस्तिष्क रोगों के लिए समर्पित। यूरोलॉजी और नेफ्रोलॉजी अस्पताल में  500 से अधिक बेड, किडनी और संबंधित रोगों के उपचार के लिए। कैंसर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में  500 से अधिक बेड, कैंसर के आधुनिक इलाज और रिसर्च के लिए।

 राज्य सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए कुल 1500 करोड़ का खाका तैयार किया है। वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में शुरुआती तौर पर 250 करोड़ का प्रावधान कर दिया गया है, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जा सके। 

स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुलभाई पंशेरिया ने इस घोषणा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा "यह प्रोजेक्ट सूरत जिले को वैश्विक 'मेडिकल टूरिज्म' के मैप पर मजबूती से स्थापित करेगा। दक्षिण गुजरात के लोगों को अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

यहाँ एक ही जगह पर वर्ल्ड-क्लास डायग्नोसिस, ट्रीटमेंट, एजुकेशन और रिसर्च की सुविधाएं मिलेंगी। मरीजों को अलग-अलग बिल्डिंग्स के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे सभी सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं एक ही छत के नीचे होंगी।

अस्पताल के साथ मेडिकल एजुकेशन और रिसर्च सेंटर बनने से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। हाईवे से नजदीक होने के कारण कामरेज का यह केंद्र दुर्घटनाओं और आपातकालीन स्थितियों में जीवन रक्षक साबित होगा।

मंत्री प्रफुलभाई पानशेरिया ने कामरेज विधानसभा की जनता की ओर से मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल और वित्त मंत्री कनुभाई देसाई का आभार व्यक्त किया।