सूरत : पुनागांव के निधि टेक्सटाइल मार्केट में आग, बेसमेंट से उठे काले धुएं से मची अफरा-तफरी

20 से ज़्यादा फायर इंजन मौके पर, दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

सूरत : पुनागांव के निधि टेक्सटाइल मार्केट में आग, बेसमेंट से उठे काले धुएं से मची अफरा-तफरी

सूरत। सूरत के पुनागांव इलाके स्थित निधि टेक्सटाइल मार्केट में रविवार सुबह (8 फरवरी) अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग मार्केट के पहले बेसमेंट में लगी, जहां बिजली की वायरिंग और बड़ी मात्रा में लकड़ी का सामान मौजूद था। इसी कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

आग इतनी भीषण थी कि बेसमेंट से उठा काला धुआं पांचवीं मंज़िल तक फैल गया, जिससे कुछ समय के लिए ऐसा दृश्य बन गया मानो पूरी बिल्डिंग आग की चपेट में आ गई हो। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत हरकत में आई।

शुरुआत में शहर के पांच फायर स्टेशनों से 10 फायर टेंडर मौके पर भेजे गए, लेकिन हालात की गंभीरता को देखते हुए चीफ फायर ऑफिसर ने ‘ब्रिगेड कॉल’ जारी किया। इसके बाद शहर के अलग-अलग इलाकों से कुल 20 से 25 फायर इंजन मौके पर पहुंचे। चीफ फायर ऑफिसर समेत वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।

धुएं की तीव्रता इतनी अधिक थी कि फायरमैन को ऑक्सीजन मास्क पहनकर बिल्डिंग के भीतर जाना पड़ा। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया। इसके बाद कूलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई।

रविवार होने के कारण मार्केट में कोई व्यापारी या कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि फायर डिपार्टमेंट द्वारा आग लगने की सटीक वजह की जांच जारी है।

डिविजनल फायर ऑफिसर कृष्णा मोध ने बताया कि बेसमेंट में लगी वायरिंग प्लेट में आग लगने के बाद आग बिजली के मीटर बॉक्स तक फैल गई। वहां मौजूद लकड़ी के सामान के कारण धुआं तेज़ी से फैला, जिससे आग पूरी बिल्डिंग में फैलने का भ्रम पैदा हुआ। उन्होंने बताया कि बिल्डिंग में फायर सेफ्टी से जुड़े सभी उपकरण लगे हुए थे और वे चालू स्थिति में पाए गए।