सूरत: 'SITEX 2026' का भव्य आगाज़; दुनिया में पहली बार सूरत में लॉन्च हुई 'फोर-ब्लेड हाई-स्पीड जैक्वार्ड' मशीन

GCCI के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राजेश गांधी ने किया उद्घाटन; बोले- "AI के एकीकरण से टेक्सटाइल एक्सपोर्ट में आएगी क्रांति"

सूरत: 'SITEX 2026' का भव्य आगाज़; दुनिया में पहली बार सूरत में लॉन्च हुई 'फोर-ब्लेड हाई-स्पीड जैक्वार्ड' मशीन

सूरत। दक्षिण गुजरात के टेक्सटाइल उद्योग को नई दिशा देने के उद्देश्य से सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री  (एसजीसीसीआई) एवं सदर्न गुजरात चैंबर ट्रेड एंड इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट सेंटर द्वारा तीन दिवसीय टेक्सटाइल मशीनरी प्रदर्शनी ‘SITEX – सूरत इंटरनेशनल टेक्सटाइल एक्सपो 2026’ का भव्य शुभारंभ शनिवार से हुआ।

यह प्रदर्शनी 21, 22 और 23 फरवरी 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तकसूरत इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (एसआईईसीसी), सरसाना में आयोजित की गई है।

13वां संस्करण, 110 प्रदर्शकों की भागीदारी

चैंबर अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने बताया कि SITEX का यह 13वां संस्करण है। टेक्सटाइल मशीनरी की यह वर्ष 2026 की दूसरी प्रदर्शनी है, जबकि तीसरी प्रदर्शनी अप्रैल में आयोजित की जाएगी। इस बार देशभर से कुल 110 प्रदर्शकों ने भाग लिया है, जो सूरत, नई दिल्ली, मुंबई, लुधियाना, वडोदरा, अहमदाबाद, कोयंबटूर, ठाणे, पानीपत, कोल्हापुर, पुणे, दादरा, भीलवाड़ा और वलसाड से आए हैं।

अत्याधुनिक मशीनों का प्रदर्शन और लॉन्च

प्रदर्शनी में विश्वस्तरीय टेक्सटाइल मशीनरी का प्रदर्शन किया जा रहा है। पहली बार SITEX में चार ब्लेड वाली हाई-स्पीड रैपियर जैक्वार्ड मशीन लॉन्च की गई। इसके साथ ही हाई-स्पीड एयरजेट मशीन का लाइव डेमो, नई पोजीशन प्रिंटर और एम्ब्रॉयडरी मशीनरी के साथ सर्कुलर निटिंग मशीनों की एडवांस्ड रेंज भी प्रदर्शित की गई है।

“SITEX शहर के समग्र विकास में भी सहायक”

उद्घाटन समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एवं वाडीलाल के चेयरमैन राजेश गांधी ने कहा कि SITEX प्रदर्शनी न केवल टेक्सटाइल उद्योग के विकास में अहम भूमिका निभाएगी, बल्कि पूरे शहर के समग्र विकास के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगी।

उन्होंने कहा कि यूरोपीय और जापानी तकनीक पर आधारित मशीनरी का 80-90 प्रतिशत उत्पादन भारत में संभव है। भारत टेक्सटाइल मशीनरी के क्षेत्र में विश्वस्तरीय रिसर्च एवं डेवलपमेंट करने की क्षमता रखता है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर उन्होंने कहा कि शुरुआती चुनौतियों के बावजूद यदि इसे टेक्सटाइल उद्योग में प्रभावी ढंग से लागू किया जाए तो उत्पादन की गति और गुणवत्ता दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा।

उद्घाटन समारोह में चैंबर के ऑल एग्जीबिशन्स चेयरमैन किरण ठुमर, पूर्व अध्यक्ष विजय मेवावाला, ऑनरेरी मिनिस्टर बिजल जरीवाला, ऑनरेरी ट्रेजरर सीए मितिश मोदी, SITEX के चेयरमैन सुरेश पटेल सहित बड़ी संख्या में प्रदर्शक और उद्योगपति उपस्थित रहे।

तीन दिवसीय यह प्रदर्शनी सूरत के टेक्सटाइल उद्योग को नई तकनीक और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।