सूरत : इत्र की फुहार से महकेगा बाबा श्याम का दरबार

एकादशी पर तीन दिवसीय फाल्गुन मेले में लाखों श्रद्धालु करेंगे दर्शन, विशेष व्यवस्थाएं

सूरत : इत्र की फुहार से महकेगा बाबा श्याम का दरबार

सूरत के वीआईपी रोड स्थित श्रीश्याम मंदिर सूरतधाम में फाल्गुन माह के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय फाल्गुन मेले के तहत शुक्रवार को एकादशी के अवसर पर लाखों श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन करेंगे। इस विशेष अवसर पर मंदिर परिसर इत्र की फुहार से महक उठेगा और भक्तिमय वातावरण का अनुभव कराएगा।

ट्रस्ट के अध्यक्ष कैलाश हाकिम और सचिव राजेश दोदराजका ने बताया कि मेले के दौरान मंदिर को बद्रीनाथ धाम की थीम पर सजाया गया है, जबकि बाबा श्याम के दरबार को तिरुपति शैली में अलंकृत किया गया है। सालासर दरबार और शिव परिवार सहित बाबा श्याम का देश-विदेश से मंगाए गए फूलों से भव्य श्रृंगार किया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा।

मेले में आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए श्री श्याम सेवा ट्रस्ट द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। दर्शनार्थियों का प्रवेश गेट नंबर चार से मेला ग्राउंड के माध्यम से होगा। दर्शन पंक्ति में लगे श्रद्धालुओं के लिए पानी, ग्लूकोज़, कूलर, इत्र फुहार तथा बड़ी स्क्रीन पर लाइव अपडेट की व्यवस्था की गई है।

फाल्गुन उत्सव के दौरान सुबह से शहर की विभिन्न धार्मिक संस्थाओं, सोसायटियों और परिवारों की निशान यात्राएं मंदिर प्रांगण में पहुंचेंगी। ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कार्यकर्ताओं की बैठक कर सभी को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। यह आयोजन सूरत में आस्था और उत्साह का बड़ा केंद्र बन गया है।

Tags: Surat