जामनगर में घंटे भर में ऑनर किलिंग की सनसनीखेज वारदात में डबल मर्डर, जमाई और सासु मां दोनों की हत्या

जामनगर में घंटे भर में ऑनर किलिंग की सनसनीखेज वारदात में डबल मर्डर, जमाई और सासु मां दोनों की हत्या

पहले लड़की वालों ने लड़के को मारा, फिर लड़के वालों ने लड़की की मां को

गुजरात के जामनगर से बेहद ही सनसनीखेज वारदात की खबर मिली है। घटना का संबंध प्रेमी युगल के परिवार की मर्जी के खिलाफ ब्याह रचाने से जुड़ा हुआ है। एक साल पहले प्रेमी जोड़े ने शादी कर ली थी जिससे व्यथित होकर ऑनर किलिंग का ऐसा सिलसिला शुरू हुआ कि एक ही घंटे में दो परिवारों में मातम छा गया है।
इस डबल मर्डर की वारदात में क्षत्रिय परिवार के कुछ लोगों ने अपने घर की लड़की से ब्याह रचाने वाले युवक को मौत के घाट उतार दिया। इस हत्या की जानकारी मिलते ही चारण समुदाय के मृतक युवक के परिवार वालों ने लड़की के घर जाकर उसकी मां का काम तमाम कर दिया। पुलिस को इस घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई की गई है और दोनों ही पक्षों के आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।
(Photo Credit:pixabay.com)
इस मामले पर विस्तार से बताएं तो जामनगर के हापा योगेश्वर धाम इलाके में रहने वाले चारण युवक सोमराज ने वहीं की रहने वाली क्षत्रिय युवती के साथ प्रेम विवाह कर लिया था। दोनों ही परिवार इस शादी से खुश नहीं थे। लड़की के परिवार वाले युवक से इतने खफा थे कि उसे मारने के लिए लगातार ढूंढ रहे थे। इसी बीच रविवार के दिन लड़की के परिवार वालों को यह सूचना मिली कि युवक राजकोट मार्ग पर अतुल शोरूम के पास से गुजर रहा है। जानकारी मिलते ही वे वहां पहुंच गए। युवक ने जब लड़की के परिजनों को देखा तो पास के शोरूम में घुस गया। लड़की के परिजन हथियारों से लैस शोरूम में घुसे और वही युवक का काम तमाम कर वहां से भाग गए।
युवक के परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली तो वे शोरूम पर पहुंचे। वहां उन्हें पता चला कि हमलावर नौ दो ग्यारह हो चुके हैं। हमलावरों की तलाश में वे लड़की के घर तक पहुंच गए। हमलावर जब घर पर भी नहीं मिले तब घर में से लड़की की मां आशाबेन झाला आती हुई नजर आई। युवक के परिवार वालों ने लड़की की मां पर जानलेवा हमला कर दिया और उनकी हत्या कर वहां से चल पड़े। शहर के पंचकोशी ए और पंचकोशी बी डिवीजन की इस डबल बॉर्डर की वारदात के बाद आला अधिकारी मौके पर हैं। समग्र शहर में जैसे ऐसे लोगों को पता चल रहा है इसी घटना की चर्चा वायरल हो रही है।