वायरल हो गया था अश्लील वीडियो, मां-बेटी ने कर ली खुदकुशी

वायरल हो गया था अश्लील वीडियो, मां-बेटी ने कर ली खुदकुशी

उत्तरप्रदेश के गोंडा जिले की घटना, शादी के बाद भी युवक कर रहा था परेशान

गोंडा (उत्तर प्रदेश), 25 मार्च (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक बेटी ने अपनी मां के साथ फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। लड़की ने सोशल मीडिया पर अपने एक अश्लील वीडियो के वायरल होने के बाद यह कदम उठाया है। तरबगंज थाना अंतर्गत नागरसेन गांव में बुधवार को 40 वर्षीय मां और उनकी 22 वर्षीय बेटी का शव उनके घर के बाहर स्थित एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया।
वीडियो वायरल करने से पहले लड़की के पति को भेजा
खबरों के मुताबिक, लड़की की शादी दिसंबर में हुई थी, लेकिन शादी के बाद भी उसे सत्यम नाम का एक लड़का परेशान करता रहता था, जो कभी लड़की का दोस्त हुआ करता था। 22 मार्च की रात को सत्यम ने लड़की के साथ अपने एक आपत्तिजनक वीडियो को सार्वजनिक करने से पहले उसके पति को भेजा।
प्रतिकात्मक तस्वीर (Photo : IANS)
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
गोंडा के एसपी शैलेश पांडे ने कहा, "सत्यम यह कहकर लड़की को परेशान करता था कि वह उसके पति को दोनों के बीच पहले रहे रिश्ते के बारे में बता देगा। उसने लड़की के साथ बदसलूकी भी की और आपत्तिजनक वीडियो बनाने के लिए मजबूर किया। इसके बाद वीडियो के दम पर वह लड़की को ब्लैकमेल करने लगा था। वह उसे अपने साथ रहने के लिए कहता था। लड़की ने जब मना कर दिया, तो उसने उसके पति को वह वीडियो भेज दिया।"
उन्होंने आगे कहा, "इससे लड़की का अपने पति के साथ रिश्ता खराब हो गया और दोनों मां-बेटी काफी परेशान हो गए। दोनों दो दिन तक घर से बाहर तक नहीं निकले और बुधवार को फंदे से लटकते हुए पाए गए।" पांडे ने कहा, सत्यम को आत्महत्या के लिए उकसाने और एससी/एसटी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।
Tags: Crime