विकास की गति पकड़े रखने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : दर्शना जरदोश

एक महीने तक चलेगा भाजपा का नौ साल - बेमिसाल अभियान

विकास की गति पकड़े रखने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : दर्शना जरदोश

केन्द्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे कार्यकर्ता

सूरत/अहमदबाद, 1 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष में राज्यभर में नौ साल - बेमिसाल जनअभियान शुरू किया है। 1 से 31 जून तक भाजपा नेता-कार्यकर्ता जन-जन के बीच केन्द्र सरकार के नौ साल में किए गए विशेष कार्यों को बताएंगे। बुधवार को इसकी शुरुआत करते हुए केन्द्रीय रेल व कपड़ा राज्य मंत्री दर्शना जरदोश ने कहा कि विकास की गति को पकड़े रखने के प्रति सरकार प्रतिबद्ध है।

केन्द्रीय राज्य मंत्री जरदोश ने यहां एक प्रेस वार्ता में केन्द्र सरकार की उपलब्धियों और सूरत को मिली सौगातों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सूरत को मल्टी मॉडल हब स्टेशन बनाया जा रहा है जिसके लिए 950 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा इस अवधि में सूरत के उधना रेलवे स्टेशन को सब स्टेशन के रूप में घोषित किया है। इसके लिए 200 करोड़ रुपये का टेंडर जारी हो चुके हैं। केन्द्र, राज्य और मनपा मिलकर संयुक्त रूप से विकास करेंगे।

जरदोश ने बताया कि महंगी दवाओं से लोगों को छुटकारा दिलाने के लिए जन औषधि केन्द्र खोले गए। यहां महंगी दवाओं की जगह लोगों को सस्ती दवाएं उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने कहा कि सूरत में 12 हजार करोड़ रुपये का स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट चल रहे हैं। जरदोश ने बीआरटीएस, तापी शुद्धिकरण, गति शक्ति मॉडल सभी बड़े प्रकल्पों को समय पर पूरा करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता जताई। केन्द्र सरकार के वंदे भारत ट्रेन, पीएम मित्रा पार्क, कोविड वैक्सनेशन, आयुष्मान कार्ड आदि की भी उन्होंने चर्चा की।

आंतरिक और ब्राह्य चुनौतियों को दूर कर देश सुरक्षित हुआ: सीआर पाटिल

इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व नवसारी लोकसभा सीट से सांसद सीआर पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार के नौ साल की कई उपलब्धियों पर एक बड़ी पुस्तक लिखी जा सकती है। पाटिल ने उरी के बाद सर्जिकल स्ट्राइक, एफ 16 विमान, फाइटर पायलट अभिनंदन के पाक से वापसी, कोरोना काल में भारत की उपलब्धि आदि का भी जिक्र किया। पाटिल ने बताया कि भारत ने अपने देश वासियों को 200 करोड़ टीके लोगों को मुफ्त लगाए, कोरोना काल में अनाज दिया। उन्होंने कहा कि देश में अस्त्र-शस्त्र शत-प्रतिशत विदेशों से आयात होता था, आज 70 फीसदी अस्त्र देश में बन रहे हैं। ब्रहोस्त्र मिसाइल और टैंक भारत में बन रहे हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा शहर अध्यक्ष निरंजन झांझमेरा, महापौर हेमाली बोघावाला, मनपा में स्थाई समिति के अध्यक्ष परेश पटेल, विनोद मोरडिया समेत अन्य नेता-कार्यकर्ता मौजूद रहे।