सूरत : अग्रवाल समाज जागृति सेवा समिति ने वृद्धाश्रम में कराया भोजन सेवा
बाबूलाल कानोड़िया ने जन्मदिन के अवसर पर डिंडोली वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को परोसा प्रसाद, समिति की यह 15वीं सेवा
अग्रवाल समाज जागृति सेवा समिति, अलथान-वेसू की ओर से शुक्रवार 6 मार्च 2026 को डिंडोली स्थित वृद्धाश्रम में भोजन सेवा का आयोजन किया गया। यह सेवा समिति द्वारा आयोजित पंद्रहवीं भोजन सेवा थी, जिसमें बुजुर्गों को प्रेमपूर्वक भोजन (प्रसाद) परोसा गया।
इस अवसर पर समाजसेवी बाबूलाल कानोड़िया ने अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में यजमान बनकर वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के लिए भोजन की व्यवस्था कराई। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 11:30 बजे से किया गया, जिसमें समिति के सदस्यों ने स्वयं अपने हाथों से बुजुर्गों और महिलाओं को भोजन परोसकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में समिति के राकेश बजावावाला, संजय अग्रवाल, सीताराम बेरीवाला, विकास कानोड़िया और आशीष पेड़ीवाल सहित अन्य सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने सेवा भाव के साथ बुजुर्गों की सेवा की और उनके साथ समय बिताया।
समिति के सदस्यों ने बताया कि समाज के जरूरतमंद और बुजुर्ग लोगों की सेवा करना उनका मुख्य उद्देश्य है। इसी भावना के साथ समिति समय-समय पर ऐसे सेवा कार्यों का आयोजन करती रहती है। कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने समिति और यजमान बाबूलाल कानोड़िया को आशीर्वाद देते हुए उनके इस सेवा कार्य की सराहना की।
