बागेश्वर धाम के धीरेन्द्र शास्त्री ने की सोमनाथ महादेव की पूजा

सौराष्ट्र के राजकोट में 1 जून से शुरू होगा दिव्य दरबार

बागेश्वर धाम के धीरेन्द्र शास्त्री ने की सोमनाथ महादेव की पूजा

गिर सोमनाथ/अहमदाबाद, 31 मई (हि.स.)। बागेश्वर धाम के धीरेन्द्र शास्त्री बुधवार को सोमनाथ मंदिर में प्रथम ज्योतिर्लिंग का दर्शन करने पहुंचे। इन्होंने महादेश का दर्शन कर अभिषेक-पूजा की। मंदिर के पुजारी ने शास्त्री का चंदन तिलक कर आशीर्वाद दिया। इसके बाद वे मंदिर ट्रस्ट की गौशाला गए और गौ माता की पूजा की। एक फार्म हाउस भी गए और यहां दोपहर के भोजन के बाद केशोद के लिए रवाना हो गए।

सोमनाथ ट्रस्ट की ओर से धीरेन्द्र शास्त्री का मंदिर ट्रस्ट के प्रबंध निदेशक विजयसिंह चावडा ने स्वागत किया। मंत्रोच्चारण के बीच पुरोहितों ने मंदिर में उनका स्वागत किया। ज्योतिर्लिंग क्षेत्र में पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेन्द्र शास्त्री महाराज ने सोमनाथ महादेव की ध्वजा पूजा और पाघ पूजा की। सनातन धर्म के शौर्य और त्याग का प्रतीक केसरिया रंग के पाघ सोमनाथ महादेव को अर्पित की गई। शास्त्रोक्त विधि विधान के साथ सोमनाथ मंदिर के पुरोहितों ने पूजा कराई। पूजन के बाद धीरेन्द्र शास्त्री ने सोमनाथ ट्रस्ट के ध्वजारोहण के लिए अपने हाथ से रस्सी खींच कर ध्वजा को शिखर तक पहुंचाया।

धीरेन्द्र शास्त्री ने कहा कि सोमनाथ महादेव का दर्शन कर वे खुद को धन्य समझते हैं। साथ ही उन्होंने संकल्प किया कि वे जल्द ही सोमनाथ में एक कथा का आयोजन करेंगे। इसके अलावा उन्होंने कैंसर अस्पताल भी स्थापित करने के संबंध में संकल्प किया।

राजकोट में बागेश्वर बाबा का दरबार 1 और 2 जून को रेसकोर्स मैदान पर लगेगा। इसके लिए शहर में युद्ध स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।