आतंक और आतंकवादियों का तुष्टीकरण करती है कांग्रेस : नरेन्द्र मोदी

आतंकवादियों के मारे जाने की खबर सुनकर कांग्रेस की सबसे बड़ी नेता की आंखों में आंसू आ गए थे

आतंक और आतंकवादियों का तुष्टीकरण करती है कांग्रेस : नरेन्द्र मोदी

नई दिल्ली, 02 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कांग्रेस पर आतंक और आतंकवादियों के तुष्टीकरण का आरोप लगाया। उन्होंने दिल्ली के बाटला हाउस में हुई मुठभेड़ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के मारे जाने की खबर सुनकर कांग्रेस की सबसे बड़ी नेता की आंखों में आंसू आ गए थे। यह लोग सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक में देश की सेनाओं के सामर्थ्य पर सवाल खड़ा करते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को कर्नाटक के चित्रदुर्ग में एक चुनावी जनसभा में कहा कि आजादी के अमृतकाल में कर्नाटक का यह पहला चुनाव है। यह चुनाव तय करेगा कि अगले 25 वर्षों में कर्नाटक विकास की किस ऊंचाई को छू लेगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कांग्रेस पर जनता से झूठे वादे करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी भी उनकी पार्टी द्वारा किए गए कार्यों का मुकाबला नहीं कर सकती। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में किए गए कार्यों का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने आदिवासियों के लिए 400 से अधिक एकलव्य मॉडल स्कूल बनाए। वहीं कांग्रेस सरकार ने बच्चों के यूनिफॉर्म में भी घोटाला कर दिया।

विपक्षी कांग्रेस और जनता दल सेक्यूलर की प्राथमिकता में राज्य का विकास ना होने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों दलों से जनता को सावधान रहना चाहिए। यह दिखावे के लिए दो हैं जबकि इनकी करतूतें एक जैसी हैं। यह दोनों ही भ्रष्टाचार और परिवारवाद की राजनीति करते हैं और समाज को बांटते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार का संकल्प अपर भद्रा सिंचाई परियोजना को पूरा करना है। इसके लिए साढ़े 5 हजार करोड़ का बजट तय किया गया है। कांग्रेस और जनता दल सेक्यूलर ने हमेशा इस परियोजना को नजरअंदाज किया है। असल में ये दोनों दल किसानों की चिंता नहीं करते। प्रधानमंत्री ने भाजपा के संकल्प पत्र की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसमें कर्नाटक को देश का नंबर वन राज्य बनाने, आधुनिक ढांचागत सुविधा तैयार करने और महिला सशक्तीकरण पर जोर दिया गया है।