सूरत : प्रधानमंत्री 5 जून को गुजरात दौरे पर, 12,421 करोड़ की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास

वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के दो पैकेज राष्ट्र को समर्पित होंगे, हजीरा में 6-लेन फ्लाईओवर और अंडरपास सहित चार नई परियोजनाओं की रखी जाएगी आधारशिला

सूरत : प्रधानमंत्री 5 जून को गुजरात दौरे पर, 12,421 करोड़ की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास

सूरत। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुजरात दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे दक्षिण गुजरात को लगभग 12,421 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात देंगे।

कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के दो महत्वपूर्ण पैकेजों का लोकार्पण करेंगे तथा चार अन्य प्रमुख सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से दक्षिण गुजरात सहित पूरे राज्य में सड़क संपर्क, परिवहन सुविधा और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

7,689 करोड़ रुपये से निर्मित वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के दो पैकेज राष्ट्र को समर्पित

प्रधानमंत्री वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के 36 किलोमीटर लंबे कीम-एना सेक्शन (पैकेज-6) तथा 27.50 किलोमीटर लंबे गणदेवा-एना सेक्शन (पैकेज-7) का लोकार्पण करेंगे। दोनों पैकेजों का निर्माण लगभग 7,689 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।

इन परियोजनाओं में मेजर और माइनर ब्रिज, रेल-रोड ब्रिज, फ्लाईओवर तथा वाहन अंडरपास का व्यापक नेटवर्क विकसित किया गया है। स्थानीय आवागमन को सुगम बनाने के लिए कुल 70 अंडरपास और 2 इंटरचेंज बनाए गए हैं। एक्सप्रेसवे के इन हिस्सों के शुरू होने से क्षेत्र में तेज, सुरक्षित और निर्बाध यातायात की सुविधा उपलब्ध होगी।

ड्राइवरों और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दोनों पैकेजों पर कुल 7 आधुनिक रेस्ट एरिया भी विकसित किए जा रहे हैं। परियोजना के चालू होने से माल परिवहन की गति बढ़ेगी और लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आने से उद्योगों को लाभ मिलेगा।

4,732 करोड़ रुपये की चार नई परियोजनाओं का शिलान्यास

प्रधानमंत्री द्वारा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की लगभग 4,732 करोड़ रुपये लागत वाली चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा। इनमें शामिल हैं:

एनएच-56 (पैकेज-4) के अंतर्गत धमासिया से बिटाड़ा/मोवी सेक्शन की फोरलेनिंग
एनएच-56 (पैकेज-6) के अंतर्गत नसारपोर से मलोथा सेक्शन की फोरलेनिंग
सूरत-हजीरा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-53) पर 6-लेन वाहन अंडरपास (रिलायंस जंक्शन)
कावास क्षेत्र में वाहन अंडरपास सहित फ्लाईओवर निर्माण
जनजातीय क्षेत्रों और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक बेहतर होगा संपर्क

एनएच-56 के उन्नयन के तहत बनने वाली नई फोरलेन सड़कें नर्मदा, तापी, वलसाड और छोटा उदेपुर जैसे जनजातीय जिलों को बेहतर सड़क संपर्क प्रदान करेंगी। साथ ही, इन परियोजनाओं से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक पहुंच भी अधिक सुगम होगी।

करीब 107.67 किलोमीटर लंबी इन सड़कों के निर्माण से यात्रा समय में लगभग 40 मिनट की कमी आएगी तथा औसत वाहन गति में 75 प्रतिशत तक वृद्धि होने का अनुमान है। इससे किसानों, उद्योगों, व्यापारिक केंद्रों और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को विशेष लाभ मिलेगा।

हजीरा में बनेगा 6-लेन फ्लाईओवर और अंडरपास

सूरत-हजीरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगभग 149 करोड़ रुपये की लागत से 6-लेन फ्लाईओवर और वाहन अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना हजीरा बंदरगाह और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

नई संरचनाओं के निर्माण से भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही अधिक तेज और सुगम होगी, जिससे बंदरगाह आधारित व्यापार तथा औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, स्थानीय नागरिकों को भी ट्रैफिक जाम से राहत और सुरक्षित आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।

इन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद दक्षिण गुजरात में परिवहन नेटवर्क और औद्योगिक विकास को नया बल मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।