सूरत : शहर से 27 किलोमीटर दूर हजीरा के पास समुद्र में देर रात 3.8 रिक्टर स्केल का भूकंप आया

सूरत : शहर से 27 किलोमीटर दूर हजीरा के पास समुद्र में देर रात 3.8 रिक्टर स्केल का भूकंप आया

रात करीब 1 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए,  कोई नुकसान नहीं

राज्य में पिछले कई दिनों से कच्छ और सौराष्ट्र में झटके महसूस किए जा रहे थे।  इंस्टीट्यूट ऑफ सीस्मोलॉजिकल रिसर्च (आईएसआर) के मुताबिक सूरत में देर रात 12.52 पर रिकॉर्ड किए गए इन झटकों का केंद्र शहर से 27 किमी दूर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में हजीरा के नजदीक समुद्र में था। इनसे किसी तरह का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। सूरत में आए भूकंप के झटकों के बाद शहरवासियों में डर का माहौल था। 

रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.8 दर्ज 

गुजरात के सूरत में शुक्रवार देर रात भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। आईएसआर के मुताबिक, रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.8 दर्ज की गई, जिस वजह से झटके काफी कमजोर थे। हालांकि, तुर्की में हाल ही में भूकंप से हुई तबाही को देखते हुए भारत में अब छोटे झटकों पर भी अलर्ट रहने की जरूरत बताई गई है। 

राज्य में 11 दिन में 8 झटके महसूस किए

फरवरी महीने में 11 दिन में गुजरात में अब तक 8 भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं। देर रात सबसे तेज 3.8 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया, जबकि इससे पहले 3 तीव्रता का झटका महसूस किया गया था। हाल के दिनों में सबसे ज्यादा झटके सौराष्ट्र-कच्छ में लगे हैं। कल रात यह पहला झटका दक्षिण गुजरात में महसूस किया गया है। इस प्रकार एक के बाद एक भूकंप से लोग सहम गए। 

गुजरात में आए अब तके के भुकंप

गौरतलब है कि गुजरात में इससे पहले कई खतरनाक भूकंप रिकॉर्ड हो चुके हैं। इनमें 1819, 1845, 1847, 1848, 1864, 1903, 1938, 1956 और 2001 में आए भूकंप को सबसे खतरनाक कहा जाता है। 2001 में कच्छ में आया भूकंप भारत में पिछली दो सदियों में सबसे खतरनाक था। इससे 13 हजार 800 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी, जबकि 1.67 लाख लोग घायल हुए थे। 

Tags: Surat