क्रिकेट : आईसीसी ने जारी की 2022 की बेस्ट महिला और पुरुष टी20 इंटरनेशनल टीम, भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा

क्रिकेट : आईसीसी ने जारी की 2022 की बेस्ट महिला और पुरुष टी20 इंटरनेशनल टीम, भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा

पुरुष टीम में भारत के तीन जबकि महिला टीम में चार खिलाड़ी शामिल

आईसीसी या अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने कल 2022 की बेस्ट टी20 इंटरनेशनल टीम का ऐलान कर दिया है। आईसीसी ने महिला और पुरुष दोनों के ही लिए वर्ष की सर्वश्रेष्ठ टीम का ऐलान किया है। आईसीसी द्वारा जारी पुरुष टीम में भारत के 3 खिलाड़ियों को जगह मिली है। इंग्लैंड के जोस बटलर को इस टीम का कप्तान घोषित किया गया है।

जिम्बाब्वे और आयरलैंड के भी खिलाड़ियों शामिल

आईसीसी की 2022 की सर्वश्रेष्ठ टीम में भारतीय टीम के 3, पाकिस्तान के 2, इंग्लैंड के 2, श्रीलंका-न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे और आयरलैंड के 1-1 खिलाड़ियों को रखा गया है। गौरतलब है कि क्रिकेट की शीर्ष संस्था इस टीम में साल भर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शामिल करती है।

दिलचस्प बात यह है कि आयरलैंड और जिम्बाब्वे से 1-1 खिलाड़ी को 2022 टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में चुना गया है। यूं तो इन दोनों ने पिछले साल इस फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया था और इसी वजह से आईपीएल ऑक्शन में इन खिलाड़ियों को खरीदा गया था। इन दोनों खिलाड़ियों के नाम सिकंदर रजा और जोश लिटिल हैं। रजा एक स्पिन ऑलराउंडर हैं जबकि लिटिल बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं।

महिला टीम में चार भारतीय, तीन ऑस्ट्रेलियाई

वहीं आईसीसी द्वारा महिला टी20 टीम ऑफ द ईयर -2022 की भी घोषणा की है। इस टीम में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा है। भारत के सबसे ज्यादा 4 खिलाड़ी इसमें जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के तीन और पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और श्रीलंका के एक-एक खिलाड़ी को 11 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। भारत से इस टीम में स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष और तेज गेंदबाज रेणुका सिंह शामिल हैं। न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन को टीम का कप्तान बनाया गया है।

ये है 2022 की सर्वश्रेष्ठ टी20 टीम : 

पुरुष :  जोस बटलर (कप्तान और विकेटकीपर), मोहम्मद रिजवान, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ग्लेन फिलिप्स, सिकंदर रजा, हार्दिक पंड्या, सैम करन, वनिंदु हसरंगा, हारिस रऊफ और जोश लिटिल

महिला : स्मृति मंधाना, बेथ मूनी,सोफी डिवाइन (कप्तान), ऐश गार्डनर, तहलिया मैकग्राथ, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), निदा डार, सोफी एक्लेस्टोन, इनोका राणावीरा, रेणुका सिंह ठाकुर

Tags: