सूरत : म्यूनिसिपल स्कूलों में छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा

सूरत : म्यूनिसिपल स्कूलों में छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा

247 विद्यालयों के 85 हजार से अधिक छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण देने का लक्ष्य 

सूरत नगर प्राथमिक शिक्षा समिति के अधीन चलने वाले लगभग 247 विद्यालयों की 85 हजार से अधिक छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिये एक समिति का गठन किया गया है। इससे पहले भी छात्राओं को इस बाबत की ट्रेनिंग दी गई थी लेकिन कोरोना के चलते अभियान में रूकावट आ गई थी। अब नए सिरे से ये तालीम शुरू होने जा रही है।

कक्षा 6 से 8 की छात्राओं को प्रशिक्षित किया जायेगा

सूरत नगर प्राथमिक शिक्षा समिति में पढ़ने वाली कक्षा 6 से 8 तक की विद्यार्थियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने के लिए समिति का गठन किया गया है। पालिका उप नगर आयुक्त स्वाति देसाई की अध्यक्षता में इस समिति बैठक हुई। बैठक में शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग एवं निगम के अधिकारी उपस्थित रहे। यह आत्मरक्षा प्रशिक्षण पुलिस विभाग के सुरक्षा सेतु द्वारा अधिकृत ट्रेनर द्वारा दिया जायेगा। 

आत्मरक्षा प्रशिक्षण से आत्मविश्वास और नेतृत्व के गुण का विकास

वर्तमान में सरकार ने शहर और जिले में कक्षा 6 से 8 तक पढ़ने वाली छात्राओं को दी जाने वाली इस तालिम को रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण (स्वरक्षण) नाम दिया है। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य है बालिकाएं अपने आत्मविश्वास को बढ़ाकर और नेतृत्व के गुणों को विकसित कर अपनी रक्षा कर सकें। यह प्रशिक्षण सभी स्कूलों में सप्ताह में दो दिन दिया जाएगा।

कोरोना संक्रमण के कारण प्रशक्षिण रोक दिया था

इससे पूर्व भी सर्व शिक्षा अभियान के तहत विद्यार्थियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाता था जो सप्ताह में दो दिन हुआ करता था। लेकिन कोरोना के चलते इस ट्रेनिंग को रोक दिया गया था। अब कोरोना संक्रमण खत्म होने के बाद विद्यार्थियों को फिर से आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Tags: Surat