सूरत : गौ सेवा व वृक्षारोपण कर स्व. विक्रम सिंह शेखावत को दी श्रद्धांजलि

राजस्थान युवा संघ के कार्यकर्ताओं ने ओम नन्देश्वर गौशाला में सेवा कार्य कर उनके आदर्शों को किया नमन

सूरत : गौ सेवा व वृक्षारोपण कर स्व. विक्रम सिंह शेखावत को दी श्रद्धांजलि

राजस्थान युवा संघ के यशस्वी अध्यक्ष स्वर्गीय विक्रम सिंह शेखावत के बारहवें के अवसर पर शनिवार को संघ के कार्यकर्ताओं ने ओम नन्देश्वर गौशाला में गौ सेवा कर तथा उनकी पावन स्मृति में एक वृक्ष लगाकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने गौमाता को लापसी का भोग लगाया और हरे चारे से भरी एक गाड़ी गौशाला को भेंट की। सभी ने मिलकर गौ सेवा करते हुए स्व. शेखावत के समाज सेवा और गौ सेवा के कार्यों को याद किया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया।

ज्ञात हो कि समाजसेवी स्व. विक्रम सिंह शेखावत का फागोत्सव कार्यक्रम के पश्चात अचानक हृदयाघात के कारण निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार एवं अंतिम क्रिया उनके पैतृक गांव बनगोठड़ी (राजस्थान) में संपन्न हुई थी।

संघ के कार्यकर्ताओं ने जानकारी दी कि स्व. शेखावत की स्मृति में राजस्थान युवा संघ, उनके परिवार, क्षत्रिय राजस्थान राजपूत समाज और सर्व समाज की ओर से श्रद्धांजलि सभा आगामी 22 मार्च को शाम 6 से 8 बजे तक तुलसी पार्टी प्लॉट, सूरत में आयोजित की जाएगी, जिसमें समाज के गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

Tags: Surat