गुजरात : मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार तथा सलाहकार के रूप में राज्य के दो सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति

गुजरात : मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार तथा सलाहकार के रूप में राज्य के दो सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति

भारत सरकार के पूर्व वित्त सचिव डॉ. हसमुख अढिया का चयन

मुख्यमंत्री  भूपेंद्र पटेल ने मुख्यमंत्री कार्यालय में मुख्य सलाहकार एवं सलाहकार के दो नए पद सृजित कर राज्य के दो सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारियों को इन पदों पर नियुक्त किया है। भारत सरकार के पूर्व वित्त सचिव डॉ. हसमुख अढिया को मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार, जबकि राज्य सरकार के सड़क एवं भवन विभाग के पूर्व सचिव एस. एस. राठौड़ को मुख्यमंत्री के सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया है।

मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार डॉ. हसमुख अढिया

डॉ. हसमुख अढिया भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं, जो भारत सरकार में केन्द्रीय वित्त सचिव और राजस्व सचिव के रूप में सेवा प्रदान कर 30 नवंबर, 2018 को सेवानिवृत्त हुए। वे वर्तमान में बैंक ऑफ़ बड़ौदा के नॉन-एग़्जीक्यूटिव चेयरमैन हैं तथा गुजरात केन्द्रीय विश्वविद्यालय के चांसलर भी हैं। डॉ. अढिया पंडित दीनदयाल एनर्जी यूनिवर्सिटी तथा गुजरात एनर्जी रिसर्च एण्ड मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (GERMI) के बोर्ड के वाइस चेयरमैन और भारतीय प्रबंधन संस्थान(इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट, बैंगलोर के बोर्ड ऑफ़ गवर्नर्स के सदस्य के रूप में सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं।

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट, बैंगलोर से स्वर्ण पदक विजेता हैं डॉ. हसमुख अढिया

डॉ. हसमुख अढिया के पास अकाउंटेंसी में बेसिक पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री है। वे इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट, बैंगलोर से स्वर्ण पदक विजेता हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद योग विश्वविद्यालय, बैंगलोर से योग विषय में पीएचडी की है। वित्त और राजस्व सचिव के रूप में उन्हें भारत में GST के सफल कार्यान्वयन का श्रेय दिया जाता है। नवंबर 2018 में उनकी सेवानिवृत्ति पर भारत के तत्कालीन वित्त मंत्री अरुण जेटली ने अपनी फ़ेसबुक पोस्ट में डॉ. अढिया के योगदान की प्रशंसा की थी। उन्होंने कहा था, “डॉ. हसमुख अढिया नि:संदेह रूप से अत्यंत सक्षम, अनुशासित, नो-नॉनसेंस प्रशासनिक सेवक तथा दोषरहित प्रामाणिकता से युक्त थे।”

राज्य सरकार द्वारा आवश्यक स्टाफ़-सुविधाएँ तथा अन्य सहायक सुविधाएँ प्रदान की जाएंगी

डॉ. हसमुख अढिया को अब मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मुख्य सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया है। वे वित्त, आर्थिक मामलों, शिक्षा, ऊर्जा और अपरंपरागत ऊर्जा, निवेश से संबंधित सभी नीतियों और उनकी निगरानी और राज्य सरकार द्वारा निर्धारित अन्य क्षेत्रों में मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार के रूप में सेवाएँ देंगे। उनका कार्यकाल मुख्यमंत्री के कार्यकाल या अगले आदेश, इनमें से जो भी पहले हो, तब तक रहेगा। मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार नियुक्त किए जाने के बाद डॉ. हसमुख अढिया को राज्य सरकार द्वारा आवश्यक स्टाफ़-सुविधाएँ तथा अन्य सहायक सुविधाएँ प्रदान की जाएंगी।

राज्य सरकार के सड़क एवं भवन विभाग के पूर्व सचिव एस. एस. राठौड़ मुख्यमंत्री के सलाहकार

 सत्यनारायण सिंह शिव सिंह राठौड़ यानी एस. एस. राठौड़ गुजरात इंजीनियरिंग सेवा के एक अधिकारी हैं। उन्होंने गुजरात सरकार में सड़क एवं भवन विभाग तथा जल संसाधन विभाग में सचिव के रूप में कार्य किया तथा वे वर्ष 2014 में अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में सेवानिवृत्त हुए। वर्ष 2018 में श्री राठौड़ को अवसंरचनात्मक विकास में उनके योगदान के लिए भारत के नागरिक सम्मान ‘पद्मश्री’ से सम्मानित किया गया है। उन्होंने पाँच साल तक सरदार सरोवर नर्मदा निगम लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के रूप में कार्य किया है।

एस.एस. राठौड़ गुजरात के ‘हाईवे तथा कैनालमैन’ के रूप में भी प्रसिद्ध हैं

एस.एस. राठौड़ को गुजरात के प्रमुख राजमार्गों को विकसित करने का श्रेय दिया जाता है। उन्होंने बिल्ड, ऑपरेट एण्ड ट्रांसफ़र (बीओटी) सड़क विकास मॉडल पेश किया, जो भारत में इस प्रकार का प्रथम मॉडल है। एस.एस. राठौड़ गुजरात के ‘हाईवे तथा कैनालमैन’ के रूप में भी प्रसिद्ध हैं। वे इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंजीनियर्स, इंडिया तथा इंडियन रोड कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं तथा वर्ल्ड फ़ेडरेशन ऑफ़ इंजीनियरिंग ऑर्गनाइज़ेशन के उपाध्यक्ष हैं। जुलाई 2019 से श्री राठौड़ गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत हैं तथा उनके मार्गदर्शन में मेट्रो फेज़-1 का कार्य पूर्ण किया गया है। अब एस.एस. राठौड़ को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया है।

एस.एस. राठौड़ को राज्य सरकार द्वारा जरूरी स्टाफ़-कर्मचारीगण तथा अन्य सुविधाएँ प्रदान की जाएंगी

एस.एस. राठौड़ सड़क निर्माण, नागरिक उड्डयन, मेट्रो रेल परियोजनाओं व रेलवे, जल संसाधन, नर्मदा और कल्पसर में नीति संबंधी निगरानी और नीति संबंधी कार्य के लिए मुख्यमंत्री के सलाहकार के रूप में कार्य करेंगे। इसके अलावा श्री राठौड़ राज्य सरकार द्वारा निर्धारित किए जाने वाले क्षेत्रों के लिए भी मुख्यमंत्री के सलाहकार होंगे। उनका कार्यकाल मुख्यमंत्री के कार्यकाल या अगले आदेश, जो भी पहले हो, तक रहेगा। मुख्यमंत्री के सलाहकार नियुक्त होने के बाद  एस.एस. राठौड़ को राज्य सरकार द्वारा जरूरी स्टाफ़-कर्मचारीगण तथा अन्य सुविधाएँ प्रदान की जाएंगी।

Tags: Gujarat