
राजकोट : 42.38 करोड़ के खर्च से निर्मित ब्रिज का नामकरण सीडीएस बिपिन रावत के नाम पर किया गया
By Loktej
On
लक्ष्मी नगर अंडर ब्रिज का मुख्यमंत्री ने किया ई-लोकार्पण, कहा राज्य की विकास यात्रा में शहरी विकास का अहम योगदान
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को राजकोट में 42.38 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित लक्ष्मी नगर रेलवे अंडर ब्रिज का नामकरण शहीद सीडीएस बिपिन रावत के नाम पर कर उसका ई-लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकोट महानगर पालिका ने कोरोना की वैश्विक महामारी के दौर में राज्य सरकार के मार्गदर्शन के अंतर्गत विकास के कार्यों को समय पर पूरा किया है। राजकोट महानगर को आधुनिक रूप देने और जनकल्याण के लिए वर्तमान में जारी अनेक परियोजनाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की विकास यात्रा में शहरी विकास का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने आगे कहा कि शहरों में एक ही तरह के कार्य करने के बजाय राज्य सरकार ने समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए शहरी विकास की नई व्याख्या तय कर लोगों के सर्वांगीण कल्याण के कार्य प्रारंभ किए हैं। इस संदर्भ में उन्होंने यह स्पष्ट किया कि लोगों की शिकायतों एवं समस्याओं के प्रतिवेदन और उसके निराकरण को लेकर तीव्र एवं परिणामोन्मुखी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने निरंतर देखरेख के साथ एक कार्य व्यवस्था लागू की है।
मुख्यमंत्री भुपेन्द्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान जारी है। हम ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ भी मना रहे हैं, तब गुजरात में शहरी विकास के साथ ‘आत्मनिर्भर गुजरात से आत्मनिर्भर भारत’ का संकल्प हमें सिद्ध करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नवीकरणीय ऊर्जा की परियोजनाओं तथा हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा के साथ पर्यावरण सुरक्षा में भी गुजरात ने भागीदारी दर्ज कर नई उपलब्धि हासिल की है। महानगरों के दूषित जल के निस्तारण तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट एवं शहरीजनों को शुद्ध पानी मुहैया कराने के अलावा शहरों को यातायात समस्या से मुक्त करने के लिए अनेक विकास कार्य शुरू किए गए हैं। राजकोट के लिए आवश्यकतानुसार टीपी एवं डीपी स्कीम को मंजूरी देकर महानगर के योजनाबद्ध विकास की मंशा व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में राजकोट में 187 करोड़ रुपए के 170 कार्यों को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ सूत्र के साथ राज्य के नगरों और महानगरों को शहरी विकास के साथ गतिशील रखने का संकल्प जताया।
लक्ष्मी नगर रेलवे अंडर ब्रिज के चलते इस क्षेत्र में शहरीजनों को यातायात समस्या से निजात मिलेगी : अरविंदभाई रैयाणी
परिवहन राज्य मंत्री अरविंदभाई रैयाणी ने कहा कि राज्य सरकार पूरी जिम्मेदारी के साथ नागरिक सेवाओं का दायरा बढ़ाते हुए बुनियादी ढांचा विकास के कार्यों को करने को कटिबद्ध है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राजकोट में विकास के अनेक कार्य मंजूर किए गए हैं। पहले भी राजकोट में विकास के अनेक कार्यों को पूरा किया गया है और अब सरकार की योजना और अधिक विकास कार्य करने की है। शहरी विकास की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि राजकोट मनपा द्वारा निर्मित लक्ष्मी नगर रेलवे अंडर ब्रिज के चलते अब इस क्षेत्र में शहरीजनों को यातायात समस्या से निजात मिलेगी।
राजकोट महानगर पालिका के महापौर डॉ. प्रदीपभाई डव ने कहा कि राजकोट में लोगों को यातायात जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में अंडर एवं ओवर ब्रिज बनाए जा रहे हैं। लक्ष्मी नगर रेलवे ब्रिज का निर्माण यातायात को ध्यान में रखते हुए जरूरत के अनुसार किया गया है। उन्होंने कहा कि लक्ष्मी नगर रेलवे अंडर ब्रिज के लोकार्पण से लगभग 5 से 6 लाख लोगों को रोजाना होने वाली ट्रैफिक की समस्या से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान मनपा द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवा के संबंध में भी जानकारी दी।
राजकोट मनपा और राज्य सरकार शहर को फाटक मुक्त बनाने की दिशा में प्रयासरत : गोविंदभाई पटेल
विधायक गोविंदभाई पटेल ने कहा राज्य सरकार द्वारा लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। राजकोट मनपा और राज्य सरकार ने शहर को फाटक मुक्त बनाने का आयोजन किया है।
राजकोट मनपा आयुक्त अमित अरोरा ने लक्ष्मी नगर रेलवे अंडर ब्रिज की तकनीकी जानकारी एवं ढांचागत व्यवस्था और लोगों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। राजकोट मनपा ने रेल विभाग के निक्षेप निर्माण कार्य के रूप में चार लेन रेलवे अंडर ब्रिज का निर्माण किया है। यह ब्रिज 7.50 मीटर चौड़ा तथा 4.50 मीटर ऊंचा होने के कारण स्कूल बस और औद्योगिक क्षेत्र के वाहनों की आवाजाही में सुगमता रहेगी। इसके अलावा, राहगीरों एवं साइकिल सवारों के लिए अलग से पाथ-वे बनाया गया है और पानी की निकासी के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
मनपा स्थायी समिति के अध्यक्ष पुष्करभाई पटेल ने स्वागत भाषण दिया जबकि निर्माण कार्य समिति के अध्यक्ष केतनभाई पटेल ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सांसद मोहनभाई कुंडारिया, विधायक लाखाभाई सागठिया, मनपा फाइनेंस बोर्ड के पूर्व चेयरमैन धनसुखभाई भंडेरी, शहर भाजपा अध्यक्ष कमलेशभाई मीराणी, ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष उदयभाई कानगड़, उप महापौर डॉ. दर्शनाबेन शाह, राजकोट के मंडल रेल प्रबंधक अनिल कुमार जैन, नरेन्द्रभाई ठाकुर, सुरेन्द्रसिंह वाळा सहित कई पदाधिकारी एवं अग्रणी उपस्थित थे।
Tags: