पंजाब : आप सरकार ने जिनकी सुरक्षा हटाई ऐसे गायक और कांग्रेसी नेता शुभदीप सिद्धु मूसेवाला की हत्या

पंजाब : आप सरकार ने जिनकी सुरक्षा हटाई ऐसे गायक और कांग्रेसी नेता शुभदीप सिद्धु मूसेवाला की हत्या

पंजाब की भगवंत मान सरकार द्वारा सुरक्षा हटाए जाने के एक दिन बाद ही पंजाब के लोकप्रिय गायक सिद्दू मूसेवाला की रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मानसा के जवाहर गांव के पास मूसेवाला और अन्य तीन लोगों पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां दाग दी। गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हुए मुसेवाला को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। इस घटना में अन्य 2 लोग घायल बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार मूसेवाला को धमकियां मिल रही थी। इसके बावजूद पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने कानून और व्यवस्था का हवाला देकर एक दिन पहले ही मूसेवाला सहित 424 वीआईपी लोगों की सुरक्षा वापस लेने का ऐलान किया था। आपको बता दें कि मूसेवाला ने पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर आम आदमी पार्टी के विजय सिंगला के खिलाफ चुनाव लड़ा था। विजय सिंगला ने मानसा विधानसभा सीट से मूसेवाला को 60000 से भी अधिक मतों से हराया था।
इस हत्याकांड के बाद आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा वीआईपी लोगों की सुरक्षा में कटौती किए जाने के निर्णय की आलोचना हो रही है। सरकार ने एक समीक्षा बैठक के बाद इन अग्रणी लोगों की सुरक्षा वापस लेने का निर्णय किया था। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने अपने बयान में स्पष्ट किया है की इस आदेश का थोड़े ही समय में पालन किया गया। प्रदेश में कानून और व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की आवश्यकता है और इसी कारण समीक्षा बैठक में 424 लोगों की सुरक्षा वापस ली गई। अब उन जवानों को प्रदेश के विभिन्न इलाकों में तैनात किया जाएगा। इससे पहले अप्रैल महीने में भी भगवंत सरकार ने 184 वीआईपी लोगों की सुरक्षा वापस लेने का निर्णय किया था।
जहां तक आज की घटना में मारे गए मुसेवाला का संबंध है आपको बता दें कि उनका जन्म 17 जून 1993 को मानसा जिले के मूसा वाला गांव में हुआ था। मुसेवाला की प्रशंसकों की संख्या लाखों में है और वह अपने संगीत के कारण लोकप्रिय थे। मुसेवाला की मां गांव की सरपंच थी। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। कॉलेज के दिनों में ही उन्होंने संगीत सीखा और बाद में कनाडा चले गए थे। मूसे वाला का सबसे विवादास्पद पंजाबी गायक के रूप में पहचान थी जिन्होंने खुलेआम कथित रूप से बंदूक कल्चर को प्रोत्साहित किया था। अपने गानों में भी उन्होंने गुंडा तत्वों का महिमामंडन किया।
Tags: Punjab