સુરત: ખજોદ ડિપોઝલ સાઇડ પર JCB નું ટાયર ફાટતા સફાઈ કર્મચારીનું મોત#Surat #Empl #Death #JCB pic.twitter.com/mBa4AH8qHk
— Gujarat Samachar (@gujratsamachar) May 4, 2022
सूरत : JCB का टायर फटने से लगी चोट के कारण पालिका के सफाई कर्मचारी की दर्दनाक मौत
By Loktej
On
सफाई कर्मचारी से वाहनों के टायर पंक्चर और मरम्मत का कार्य करवाये जाने का परिजनों का आरोप
सूरत महानगर पालिका के एक सफाई कर्मचारी की दर्दनाक मौत की खबर सामने आई है। कर्मचारी की मृत्यु का कारण जेसीबी मशीन के टायर का फटना रहा। सफाई कर्मचारी के पास सफाई के काम के बदले वाहनों के टायर पंक्चर और रिपेयर का काम करवाया जा रहा था, ऐसा मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाया है।
इस घटना के संदर्भ में प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह सूरत की खजोद डिस्पोजल साइट पर यह हादसा हुआ। इस हादसे में जिस सफाई कर्मचारी की मृत्यु हुई है उसकी 3 महीने पहले ही शादी हुई थी। शैलेश सोनवडिया नामक इस युवक की मौत जेसीबी टायर के फटने से हुई। टायर फटने पर ऐसा जोरदार धमाका हुआ बताया गया कि शैलेष का चेहरा बुरी तरह से घायल हो गया। घटना के बाद घायल अवस्था में शैलेश को अपोलो अस्पताल ले जाया गया था जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। इस घटना का अहम पहलू यह है कि मृतक के परिजनों का आरोप है कि शैलेश एक सफाई कर्मचारी होने के बावजूद शैलेश से वाहनों के पंक्चर और रिपेयरिंग का काम करवाया जाता था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वर्ष 2017 में थाई सफाई कर्मचारी के रूप में शैलेश सोनवडिया की पालिका में नियुक्ति हुई थी। खजोद स्थित वेस्ट डिस्पोजल साइट पर उसकी ड्यूटी थी। इस हादसे में शैलेष की अचानक मौत के बाद परिवार जनों में मातम है। शैलेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया है जहां परिवार के लोग एकत्रित है और शोक मग्न भी। परिजनों की मांग है कि इस पूरे प्रकरण में की जांच होनी चाहिये और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए।
Tags: