सूरत में पीएम मोदी के जन्मदिन का अनोखा जश्न, रात से शुरू हुआ रेलवे स्टेशन पर टीकाकरण

शहर के कपड़ा बाजार सहित 415 जगहों पर वैक्सीनेशन सेंटर शुरू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 71वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में सूरत में एक अनोखा जश्न मनाया जा रहा है। जिसमें सूरत महानगरपालिका द्वारा अनोखा आयोजन किया गया है। रेलवे स्टेशन पर रात के 12 बजे से वैक्सीन सेंटर शुरू किया गया। ट्रेन से आने वाले सभी यात्रियों का टीकाकरण किया जा रहा है। इसके अलावा अन्य जगहों पर भी सुबह से वैक्सीनेशन महाअभियान का प्रारंभ हुआ। शहर के 30 टेक्सटाइल मार्केट में भी वैक्सीनेशन अभियान चलाया गया।
सूरत महानगरपालिका आयुक्त द्वारा रेलवे स्टेशन पर टीकाकरण केंद्र का उद्घाटन किया गया। साथ ही शहर में अलग-अलग जगहों पर 415 टीकाकरण केंद्र शुरू किए गए हैं। रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन समेत विभिन्न जोन में केंद्र भी शुरू कर दिए गए हैं। गुजरात में भी पीएम मोदी का 71वां जन्मदिन मनाया जाएगा। पीएम मोदी के जन्मदिन पर राज्य में विकलांगों के लिए मोबाइल वैन सेवा शुरू की जाएगी और मुफ्त कृत्रिम अंग दान किए जाएंगे। विकलांगों को यह सेवा एक स्वैच्छिक संगठन के प्रयासों से मिलेगी। स्वयंसेवी संस्था 71 नि:शक्तजनों का कृत्रिम अंग दान करेगी तथा सेवा वडनगर से प्रारंभ होगी। नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए बीजेपी ने देशभर में बड़ा अभियान चलाया है। सेवा और समर्पण की भावना से भाजपा ने देश भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया है।
Tags: