
गुजरात : मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने राज्यपाल को सौंपा त्यागपत्र, नई सरकार बनने तक कार्यवाहक सीएम के रूप में कार्यरत रहेंगे
By Loktej
On
कल शनिवार को चुने हुए नये विधायकों की बैठक में नये नेता का चुनाव होगा, 12 दिसंबर को फिर भूपेन्द्र पटेल ले सकते हैं मुख्यमंत्री पद की शपथ
गुजरात की राजधानी गांधीनगर में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने विधानसभा चुनाव संपन्न होने और परिणामों की घोषणा के बाद अपनी सरकार का त्यागपत्र राज्यपाल आचार्य देवव्रत को सौंप दिया। राज्यपाल ने उन्हें नई सरकार के गठन तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में बने रहने का औपचारिक आदेश दिया है।
चुनाव परिणाम इक-तरफा भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में हैं। पार्टी ने प्रदेश के इतिहास में 182 में से 156 सीटें पा कर सबसे बड़ी जीत हासिल की है। अब भाजपा के नये चुने हुए विधायकों की बैठक शनिवार को गांधीनगर स्थित भाजपा के कार्यालय कमलम् पर होगी। बैठक में विधायक दल के नेता का चयन किया जायेगा। अपेक्षित है कि एक बार फिर भूपेन्द्र पटेल ही विधायक दल के नेता बनेंगे और आगामी 12 दिसंबर को वे एक बार फिर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
BJP's Bhupendra Patel arrives at the Raj Bhavan in Gandhinagar to tender his resignation as the Chief Minister of Gujarat.
— ANI (@ANI) December 9, 2022
BJP swept the recently-held #GujaratElections2022 and won 156 of the total 182 seats. pic.twitter.com/yehpZJN9HT
जानकारी के अनुसार पार्टी स्तर पर कल ही यह फैसला भी हो जायेगा कि मुख्यमंत्री के साथ-साथ कितने विधायक मंत्रिपद की शपथ लेंगे। शनिवार को विधायक दल की बैठक के बाद दोपहर दो बजे राज्यपाल को तय हुए मुख्यमंत्री के नाम और मंत्रियों के नामों की सूची सौंपी जायेगी।
राजधानी गांधीनगर के हेलिपेड ग्राउंड पर शपथविधि कार्यक्रम की तैयारियों शुरु कर दी गई हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह के अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री और आला नेता उपस्थित रहने वाले हैं। याद रहे कि 182 सीटों वाली गुजरात विधानसभा में भाजपा ने 156, कांग्रेस ने 17, आम आदमी पार्टी ने 5, समाजवादी पार्टी को 1 और अन्यों को 3 सीटें मिली हैं।
Tags: Gujarat