
मोरबी : हलवद में दीवार गिरने के मामले में कारखाना मालिक सहित छह लोग गिरफ्तार
By Loktej
On
गुजरात के मोरबी के हलवद में नमक के कारखाने की दीवार धराशाई होने के मामले में पुलिस ने कारखाना मालिक सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में कारखाना मालिक के अलावा सुपरवाइजर और संचालक भी शामिल है। जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनमें मालिक अफजल उर्फ जीवो धोणिया, संचालक वारिस उर्फ देवो धोणिया और आत्माराम चौधरी, सुपरवाइजर संजयभाई आशर, मनोजभाई छनुंरा, आशिकभाई सोढा शामिल हैं।
इस प्रकार पुलिस ने 8 आरोपियों में से 6 को पकड़ लिया है और अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है। आपको बता दें कि हलवद जीआईडीसी स्थित नमक के कारखाने में 18 मई के दिन अचानक दीवार धराशाई होने से भगदड़ मच गई थी। दुर्घटना में कई श्रमिक दीवार के नीचे दब गए थे और प्रशासन द्वारा ताबड़तोड़ रेस्क्यू अभियान छेड़ा गया था। इस हादसे में 12 श्रमिकों की दुखद मौत हो गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दुर्घटना पर ट्वीट करके अपनी संवेदना प्रकट की थी।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी इस दुखांतिका में जान गवाने वाले श्रमिकों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए श्रमिकों के वारिसों को ₹4 लाख की सहायता मुख्यमंत्री राहत निधि में से प्रदान करने की घोषणा की थी।
Related Posts
