धोलेरा के विकास कार्यों की समीक्षा के लिए पहुंचे हर्ष संघवी, GAP ग्रुप के अखिलम टाउनशिप प्रोजेक्ट का किया दौरा
तेजी से विकसित हो रहे इंडस्ट्रियल हब में रेजिडेंशियल और लाइफस्टाइल इंफ्रास्ट्रक्चर को बताया जरूरी, उद्योगों की बढ़ती मांग को देखते हुए प्रोजेक्ट्स में तेजी लाने पर दिया जोर
धोलेरा। गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने शनिवार को धोलेरा स्पेशल इन्वेस्टमेंट रीजन (SIR) का दौरा कर यहां चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने तेजी से उभर रहे इंडस्ट्रियल हब में तैयार किए जा रहे सपोर्टिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का भी जायजा लिया और क्षेत्र के संभावित विकास को लेकर तैयारियों का मूल्यांकन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री के सलाहकार एस.एस. राठौड़, उद्योग सचिव ममता वर्मा, पर्यटन सचिव एवं डीआईसीडीएल के मैनेजिंग डायरेक्टर कुलदीप आर्य तथा जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर रुशिन भट्ट भी मौजूद रहे।
GAP ग्रुप के चेयरमैन गोपाल गोस्वामी, मैनेजिंग डायरेक्टर अम्बरीश परजिया और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर रवि पटेल ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें संकल्प पत्र, शंख और भगवद गीता की प्रति भेंट की गई, जिसे ‘विकसित भारत’ के विजन में योगदान देने के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बताया गया।
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने धोलेरा के एक्टिवेशन एरिया में स्थित GAP ग्रुप के अखिलम टाउनशिप प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। कंपनी के अधिकारियों ने प्रोजेक्ट की प्रगति और क्षेत्र की रेजिडेंशियल व कॉमर्शियल जरूरतों को पूरा करने में इसकी भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने टाउनशिप में विकसित किए जा रहे स्टूडियो अपार्टमेंट्स, को-वर्किंग स्पेस और फूड कोर्ट जैसी सुविधाओं की भी समीक्षा की।
उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने परियोजना के तहत विकसित की जा रही सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि तेजी से हो रहे औद्योगिकीकरण को समर्थन देने के लिए गुणवत्तापूर्ण रेसिडेंशियल और लाइफस्टाइल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना बेहद आवश्यक है।
उन्होंने डेवलपर्स को प्रोजेक्ट के कार्यान्वयन में तेजी लाने के लिए प्रोत्साहित किया, ताकि धोलेरा में काम शुरू करने वाले उद्योगों की बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे निवेश और इंडस्ट्रियल गतिविधियों के कारण निकट भविष्य में धोलेरा में रेडी-टू-मूव घरों की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है।
साइट विजिट के दौरान GAP ग्रुप के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को धोलेरा में रेसिडेंशियल डेवलपमेंट के लिए तैयार किए जा रहे सबसे बड़े RCC राफ्ट फाउंडेशन निर्माण की जानकारी भी दी। साथ ही प्रोजेक्ट में इस्तेमाल की जा रही इंजीनियरिंग क्षमता और बड़े पैमाने पर किए जा रहे निर्माण कार्यों के बारे में विस्तार से बताया।
GAP ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर अंबरीश परजीया ने कहा कि नायब मुख्यमंत्री और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों की यह यात्रा धोलेरा के विकास पर सरकार के बढ़ते फोकस को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के सहयोग और संवाद से विकास गतिविधियों तथा निवेशकों को प्रोत्साहन मिलता है और विकसित की जा रही इकोसिस्टम में विश्वास मजबूत होता है।
उन्होंने कहा कि GAP ग्रुप धोलेरा को एक प्रमुख औद्योगिक और शहरी केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए गुणवत्तापूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं GAP ग्रुप के चेयरमैन गोपाल गोस्वामी ने कहा कि धोलेरा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और ‘विकसित भारत’ की आकांक्षाओं को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना है।
उन्होंने कहा कि GAP ग्रुप का विजन ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय लक्ष्य के अनुरूप है और अखिलम जैसे प्रोजेक्ट्स के माध्यम से कंपनी रेजिडेंशियल, कॉमर्शियल और सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति देने का काम कर रही है।
उल्लेखनीय है कि धोलेरा में उद्योगों और निवेशकों की कैद रुचि लगातार बढ़ रही है। ऐसे में रेजिडेंशियल, कॉमर्शियल और सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर के मजबूत होने से क्षेत्र के अगले चरण के विकास को और अधिक गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
