
कुकर में गहनों की धुलाई के बहाने महिला से धोखाधड़ी
By Loktej
On
भोली-भाली महिला को अपनी बातों में फंसाकर पांच तोला सोना लेकर फरार हुए दो ठग
शहर में ठगी समेत अपराधिक मामलों में कोई कमी नहीं दिख रही है। ये ठग लोग नयी नयी तरकीब लगाकर भोली-भाली जनता को लूटते हैं। एक ऐसा ही मामला अंकलेश्वर में देखने को मिला जहाँ दो ठगों ने एक महिला को अपनी बातों में फंसा लिया और फिर गहनों की सफाई के बहाने महिला से लगभग 5 तोला सोने के गहने लेकर रफूचक्कर हो गये। ये दोनों अंग्रेजी, हिंदी और तमिल बोलते थे। महिला ने दोनों के खिलाफ जीआईडीसी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
जानकारी के अनुसार अंकलेश्वर के भादकोदरा गांव के पास सहजानंद अपार्टमेंट में रहने वाली पूर्णिमा अतुल दवे अपने घर में अकेली थी। इस बीच, दो अजनबी आए और पूर्णिमाबेन ने उनके व्यवहार से प्रेरित होकर उनको घर में आने दिया। दोनों ठगों ने पूर्णिमाबेन को बताया कि वो सोने के गहने साफ करने वाले है और बातचीत के बाद पूर्णिमाबेन सोना धोने के लिए देने को तैयार हो गई। इसके बाद ठग ने महिला से कुकर लाने को कहा जिसके बाद महिला ने सोने की चेन, दो सोने की प्लेटें और मंगलसूत्र समेत अपने सारे जेवर निकाल कर दो ठगों को दे दिए। ठगों द्वारा गहनों को रासायनिक रूप से लाल कर दिया गया था। फिर उन्होंने कहा कि कुकर में थोडी़ सी हल्दी डालकर दो सीटी लगा दें।
महिला ने ठग पर भरोसा किया और सारे गहने कुकर में डाल दिए। इसके बाद महिला ने कुकर खोला तो देखा कि कुकर से गहने गायब हैं। इस दौरान वे दोनों मोटरसाइकिल पर बैठ वहां से गायब हो चुके थे। फ़िलहाल पुलिस मामले की शिकायत दर्ज कर अपनी कार्यवाही कर रही हैं।
Related Posts
