अभियुक्त को लेकर गुजरात लौट रही पुलिस टीम दुर्घटनाग्रस्त, पांच की मौत

सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट कर व्यक्त की सांत्वना

गुलाबी शहर के नाम से प्रसिद्ध राजस्थान की राजधानी जयपुर से सुबह सुबह एक दुखद खबर सामने आई है। जयपुर के भाबरू थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में गुजरात पुलिस के 4 जवानों सहित 5 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार ये हादसा उस वक्त हुआ जब गुजरात पुलिस की टीम दिल्ली से गुजरात वापस जा रही थी। उस समय टीम के साथ एक अभियुक्त भी था जिसे पकड़ने टीम दिल्ली गयी थी। वापस लौटते समय पुलिस का वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। हादसा NH-8 के नीझर मोड़ के पास हुआ है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी हादसे पर दुख जताते हुए एक ट्वीट किया है।
आपको बता दें कि इस मामले पर दुःख व्यक्त करते हुए सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि, ''दिल्ली से गुजरात अभियुक्त लेकर जा रही गुजरात पुलिस का वाहन जयपुर के भाबरू क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होने से 4 पुलिसकर्मियों सहित 5 लोगों की मृत्यु की जानकारी दुखद है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, ईश्वर उन्हें सम्बल दें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें।''
बता दें कि इस हादसे में दिल्ली से एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर गुजरात लौट रहे गुजरात पुलिस के चार जवान अपनी जान से हाथ धो बैठे। साथ ही थे हादसे में कार सवार कैदी की भी मौत हो गई है।
Tags: Gujarat