गुजरात : गर्लफ्रेंड की शादी रोकने के लिए बॉयफ्रेंड ने कर लिया मंगेतर को अगवा, छोड़ने के लिए मांगी फिरौती

छोड़ने के लिए मांगी 50 हजार की फिरौती, मोबाइल लोकेशन की सहायता से पुलिस ने ढूंढ निकाला

गुजरात के जामनगर के जामजोधपुर में एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक बोयफ्रेंड ने अपनी प्रेमिका की शादी रुकवाने के लिए उसके मंगेतर का ही अपहरण कर लिया था। हालांकि बॉयफ्रेंड की यह चाल काम ना आई और पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया। 
विस्तृत जानकारी के अनुसार, जामनगर के जामजोधपुर में रहने वाले हेमेन की कुछ ही महीनों पहले तुलसी नामक एक लड़की के साथ सगाई हुई थी। हालांकि तुलसी पहले से ही साहिल नाम के एक लड़के से प्यार करती थी। अपनी प्रेमिका की शादी रुकवाने के लिए साहिल ने उसके मंगेतर को अगवा कर लेने का प्लान बनाया और गुरुवार को जावेद नामक शख्स के साथ चाकू की नोंक पर उसे अगवा कर भी लिया। हेमेन का अपहरण करने के बाद उन्होंने हेमेन के परिवार को फोन किया और उनसे 50 हजार की फिरौती भी मांगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हेमेन के अपहरण हुये होने का फोन आते ही परिवार ने पुलिस का संपर्क किया था। पुलिस ने तुरंत ही कार्यवाही शुरू कर दी। पुलिस द्वारा जिस नंबर से फोन आया था उसकी लोकेशन चेक की गई और आरोपियों को ढूंढ निकाला गया। पुलिस की पूछताछ में साहिल ने कहा की वह उसकी प्रेमिका की हेमेन के साथ सगाई होने के कारण काफी नाराज था। दोनों की सगाई तुड़वाने के लिए तुलसी के मंगेतर का अपहरण कर लिया था।