गुजरात : मुख्यमंत्री ने भूकंप के दिवंगतों की स्मृति में निर्माणाधीन स्मृति वन में किया वृक्षारोपण

गुजरात : मुख्यमंत्री ने भूकंप के दिवंगतों की स्मृति में निर्माणाधीन  स्मृति वन में किया वृक्षारोपण

मुख्यमंत्री ने भुजिया डूंगर स्थित स्मृति वन का दौरा कर आगंतुकों के लिए स्थापित की जा रही सुविधाओं का निरीक्षण कर मार्गदर्शन दिया

मुख्यमंत्री  विजय रूपाणी किसान सम्मान दिवस के अंतर्गत कच्छ जिले के दौरे के दौरान गुरुवार को भुज स्थित भुजिया डूंगर  में निर्माणाधीन स्मृति वन पहुंचे। उन्होंने स्मृति वन में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और आगंतुकों की सुविधाओं का निरीक्षण किया। कच्छ में वर्ष 2001 में आए विनाशक भूकंप के दिवंगतों की याद में इस स्मृति वन का निर्माण प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से हो रहा है। गुजरात स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट के समन्वय से स्मृति वन के 470 एकड़ क्षेत्र में विभिन्न सुविधाएं स्थापित की जानी हैं। 
मुख्यमंत्री ने इनमें से 175 एकड़ क्षेत्र में स्थापित की गई विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। स्मृति वन में मियावाकी तकनीक से अर्बन फॉरेस्ट भी विकसित किया जा रहा है। जहां 3 लाख पौधों का रोपण किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भी वृक्षारोपण किया। म्यूजियम परिसर में 235 बैठक व्यवस्था की क्षमता के साथ ऑडिटोरियम बनाया गया है। यहां मुख्यमंत्री ने स्मृति वन पर आधारित फिल्म देखी।  
स्मृति वन के दौरे से पूर्व मुख्यमंत्री ने भुज कलक्टर कार्यालय में कच्छ जिले के पर्यटन और विकासोन्मुख प्रोजेक्ट की सर्वग्राही समीक्षा की। उन्होंने स्मृति वन के विकास परक प्रोजेक्ट की जानकारी से अवगत होकर आगंतुकों की सुविधाओं के संबंध में मार्गदर्शन दिया। मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान कच्छ के सांसद  विनोदभाई चावड़ा, डिजास्टर मैनेजमेंट के अधिकारी, कलक्टर  प्रवीणा डीके सहित कई अधिकारी उपस्थित थे। 
Tags: Gujarat