गुजरात : रंगारंग शोभा यात्राओं और रचनात्मक तरीकों से मनाई गई राम नवमी

गुजरात : रंगारंग शोभा यात्राओं और रचनात्मक तरीकों से मनाई गई राम नवमी

अहमदाबाद, 26 मार्च (वेब वार्ता)। गुजरात में रंगारंग शोभा यात्राओं से लेकर युवाओं द्वारा आयोजित अभिनव कार्यक्रमों के साथ भक्तों ने बृहस्पतिवार को राम नवमी को पूरे उत्साह के साथ मनाया। शहरों में ‘जय श्री राम’ के उद्घोष की गूंज सुनाई दी।

भगवान राम की जयंती के उपलक्ष्य में राजकोट और वडोदरा सहित राज्य के कई शहरों में शोभा यात्राएं निकाली गयीं। सड़कें रंगारंग प्रस्तुतियों, भक्ति गीतों और सामुदायिक भागीदारी से गुलजार हो उठीं।

अहमदाबाद स्थित इस्कॉन मंदिर में सुबह ‘श्री राम दरबार अभिषेक’ और पारंपरिक ‘56 भोग’ अर्पण के साथ एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया।

संस्था ने सोशल मीडिया पर कहा, “मंदिर में शाम को पालकी यात्रा निकाली जाएगी और राम कथा का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।”

इस बीच, युवा उत्सव मनाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे थे। एक इवेंट बुकिंग वेबसाइट के अनुसार, अडालज में शाम को भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जहां एक लाइव फ्यूजन बैंड पारंपरिक भक्ति संगीत को समकालीन धुनों के साथ मिलाकर आध्यात्मिक अभिव्यक्ति का आधुनिक रूप प्रस्तुत करेगा।

उधर, लगभग 90 बाइकर्स सूरत में डाभरी बीच पहुंचे, जहां 65 मोटरसाइकिलों को इस तरह व्यवस्थित किया गया कि उनसे ‘राम’ शब्द लिखे होने का आभास हो सके। समूह के संस्थापक पिनांक मशरूवाला ने बताया, “हर राम भक्त का प्रेम व्यक्त करने का अपना तरीका होता है।

कुछ लोग शोभा यात्रा, भंडारा और आरती का आयोजन करते हैं। यह हमारा उत्सव मनाने का तरीका है, जिसमें हम अपनी पसंदीदा बाइकों के माध्यम से ‘राम’ के नाम को दर्शाते हैं।”

 

Tags: Gujarat