विनीसियस के दो गोल, स्कॉटलैंड को 3-0 से हराकर ब्राजील विश्वकप के नॉकआउट में
मियामी, 25 जून (वेब वार्ता)। विनीसियस जूनियर के दो और मैथियस कुन्हा के एक गोल की बदौलत पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील ने स्कॉटलैंड को 3-0 से हराकर फीफा विश्व कप के नॉकआउट राउंड में जगह बना ली है।
मियामी स्टेडियम में खेले गये मुकाबले में पहले हॉफ के सातवें मिनट में विनीसियस ने गोल कर ब्राजील को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद उन्होंने अपना और टीम का दूसरा गोल भी दागा। मैच का तीसरा गोल कुन्हा ने किया।
इन दो गोलों के साथ विनीसियस के अब टूर्नामेंट में चार गोल हो गये हैं और गोल्डन बूट की दौड़ में फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे की बराबरी पर पहुंच गए हैं। दोनों के चार-चार गोल हैं, जबकि अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी पांच गोल के साथ इस मामले में शीर्ष पर हैं।
मैच के दौरान 76वें मिनट में ब्राजील के स्टार खिलाड़ी नेमार ने मैदान में वापसी की। वह पिंडली की चोट के कारण वह टीम के शुरुआती दो मुकाबलों में नहीं खेल पाए थे।
ब्राजील इस जीत के साथ सात अंक लेकर ग्रुप-सी के शीर्ष पर है। वहीं विश्वकप में यह नौंवी बार है जब स्कॉटलैंड ग्रुप चरण से आगे बढ़ने में नाकाम रही है।
