सूरत : कतर गैस प्लांट विस्फोट में डुमस के युवक की मौत ,आज अहमदाबाद पहुंचेगा पार्थिव शरीर
भाई ने शव की पहचान की, परिवार में मातम का माहौल
सूरत। कतर के रस लफ्फान स्थित गैस प्लांट में हुए भीषण विस्फोट ने सूरत के एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं। डुमस क्षेत्र के मोटो मोहल्ला निवासी सनी पटेल, जो विस्फोट के बाद से लापता थे, उनकी मौत की आधिकारिक पुष्टि हो गई है।
पिछले दो दिनों से परिवार उनके सुरक्षित लौटने की उम्मीद लगाए बैठा था, लेकिन अब यह उम्मीद टूट चुकी है।
जानकारी के अनुसार, सनी पटेल के भाई रवि पटेल ने कतर में उनके शव की पहचान कर ली है। भारतीय दूतावास की आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सनी का पार्थिव शरीर रवि पटेल को सौंपा जाएगा। पार्थिव शरीर बुधवार को कतर से अहमदाबाद लाया जाएगा और वहां से सूरत पहुंचाया जाएगा।
इस दुखद समाचार के बाद परिवार गहरे सदमे में है। सनी की पत्नी पिंकलबेन का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्य और रिश्तेदार उन्हें संभालने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन घर में शोक और चिंता का माहौल व्याप्त है।
परिजनों के अनुसार, सनी पटेल जब भी ड्यूटी पर जाते या लौटते थे, तो पत्नी को फोन अवश्य करते थे। हादसे वाली रात भी उन्होंने नाइट शिफ्ट पर जाने से पहले पत्नी को फोन कर बताया था कि वे काम पर जा रहे हैं। इसके बाद से उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया। सनी की पत्नी उस अंतिम बातचीत को याद कर लगातार भावुक हो रही हैं।
बताया जाता है कि पिता और बड़े भाई के निधन के बाद परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उठाने के लिए सनी और उनका भाई कतर गए थे। सनी वहां एक औद्योगिक कंपनी में मैकेनिकल फिटर के रूप में कार्यरत थे। वर्तमान में परिवार में अधिकांश सदस्य महिलाएं हैं, जिन पर इस दुखद घटना का गहरा प्रभाव पड़ा है।
गौरतलब है कि रविवार, 21 जून की शाम कतर के रस लफ्फान स्थित एलएनजी उत्पादन एवं निर्यात केंद्र में हुए विस्फोट के बाद कई कर्मचारियों के प्रभावित होने की खबर सामने आई थी।
इसी घटना में सनी पटेल भी इसकी चपेट में आ गए। अब उनके निधन की पुष्टि के बाद सूरत में शोक की लहर फैल गई है।
