वडोदरा मंडल में अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस पर रोड यूजर्स को किया गया जागरूक

लोगों को रेलवे ट्रैक के निकट सतर्कता बरतने तथा समपार पार करते समय आवश्यक सुरक्षा नियमों का पालन करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई

वडोदरा मंडल में अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस पर रोड यूजर्स को किया गया जागरूक

पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल द्वारा 09 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस (ILCAD) – 2026 मनाया गया। इस अवसर पर संरक्षा विभाग द्वारा रेलवे समपार फाटकों पर सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा असावधानीवश होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से मंडल भर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके के मार्गदर्शन में संरक्षा विभाग ने सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों एवं क्षेत्रीय कर्मचारियों के सहयोग से मंडल के विभिन्न समपार फाटकों पर व्यापक जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क उपयोगकर्ताओं, पैदल यात्रियों तथा वाहन चालकों को रेलवे सुरक्षा नियमों के पालन एवं सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतापनगर खंड स्थित समपार संख्या-1 स्पेशल पर सुरक्षा जागरूकता नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 20 सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों ने भाग लिया। आकर्षक प्रस्तुति के माध्यम से अनधिकृत रूप से रेलवे लाइन पार करने, फाटक बंद होने के दौरान समपार पार करने तथा चेतावनी संकेतों की अनदेखी जैसे खतरनाक व्यवहारों के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। इसके अतिरिक्त मंडल के विभिन्न समपार फाटकों पर रेलवे कर्मचारियों एवं सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों ने आमजन से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर सुरक्षा संबंधी पंपलेट एवं हैंडबिल वितरित किए। लोगों को रेलवे ट्रैक के निकट सतर्कता बरतने तथा समपार पार करते समय आवश्यक सुरक्षा नियमों का पालन करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

 पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस अवसर पर जागरूकता बैनर एवं प्रचार सामग्री भी प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित की गई। अभियान के दौरान नागरिकों को समपार फाटक पार करने से पूर्व बरती जाने वाली सावधानियां, गेटमैन एवं रेलवे कर्मचारियों द्वारा पालन किये जाने वाले निर्देश आदि से सम्बंधित महत्वपूर्ण संदेश दिए गये।

वडोदरा मंडल के वरिष्ठ संरक्षा अधिकारी शरद गौतम एवं संरक्षा अधिकारी नवीन यादव के अनुसार इस अभियान को जनता का उत्साहजनक सहयोग प्राप्त हुआ तथा बड़ी संख्या में लोगों तक रेलवे ने संरक्षा व सुरक्षा का संदेश पहुँचाया गया। जागरूकता गतिविधियों, प्रत्यक्ष संवाद और नुक्कड़ नाटक जैसे प्रभावी माध्यमों के जरिए नागरिकों को सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस-2026 का यह आयोजन वडोदरा मंडल की जनसुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है। रेलवे का उद्देश्य केवल रेल संचालन तक सीमित नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन की सुरक्षा व संरक्षा सुनिश्चित करना भी है। जनभागीदारी और जागरूकता के माध्यम से ही सुरक्षित रेलवे एवं सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।

Tags: Vadodara