वडोदरा : वरनामा – इटोला खंड पर ब्रिज के स्टील गर्डरों को पीएससी स्लैब से प्रतिस्थापित करने का कार्य सफलतापूर्वक सम्पन्न
बेहतर समन्वय एवं सुनियोजित कार्यप्रणाली के परिणामस्वरूप समस्त कार्य निर्धारित समय में पूर्ण किया गया
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के इंजीनियरिंग विभाग द्वारा सूरत–वडोदरा रेलखंड के वरनामा एवं इटोला स्टेशनों के मध्य स्थित ब्रिज संख्या 567 {अप एवं डाउन लाइन) पर स्टील गर्डरों के स्थान पर प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट (PSC) स्लैब लगाने का महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। यह कार्य नियोजित रखरखाव ब्लॉकों के दौरान अत्यंत सावधानी एवं कुशलता के साथ संपन्न किया गया, जिससे रेल परिचालन पर न्यूनतम प्रभाव पड़ा।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार तीन स्पैन (प्रत्येक 12.2 मीटर) वाले इस पुल पर पीएससी स्लैब स्थापित करने के लिए 500 टन एवं 450 टन क्षमता वाली दो उच्च क्षमता की क्रेनों को एक साथ अलग-अलग स्पैन पर कार्य हेतु तैनात किया गया। बेहतर समन्वय एवं सुनियोजित कार्यप्रणाली के परिणामस्वरूप समस्त कार्य निर्धारित समय में पूर्ण किया गया तथा सभी ब्लॉक समय पर बहाल कर दिए गए।
पुराने स्टील गर्डरों के स्थान पर पीएससी स्लैब लगाए जाने से पुल की संरचनात्मक मजबूती एवं स्थायित्व में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इसके साथ ही जंग लगने की समस्या में कमी आएगी, रखरखाव की आवश्यकता घटेगी तथा पुल की सेवा अवधि भी बढ़ेगी। यह उन्नयन रेल परिचालन की सुरक्षा, विश्वसनीयता एवं दक्षता को और सुदृढ़ करेगा।
इन महत्वपूर्ण कार्यों की सफल पूर्णता पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल की सुरक्षित, विश्वसनीय एवं आधुनिक रेल अवसंरचना विकसित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। पश्चिम रेलवे का वडोदरा मंडल यात्रियों एवं माल परिवहन सेवाओं को और अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए निरंतर अधोसंरचना उन्नयन एवं अनुरक्षण कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
