सूरत : एसजीसीसीआई को नया नेतृत्व, अशोक जीरावाला ने अध्यक्ष और रवि राज देसाई उपाध्यक्ष का पदभार संभाला 

निखिल मद्रासी के सफल कार्यकाल का समापन; उद्योग हित, नवाचार और वैश्विक संपर्कों को नई दिशा देने पर जोर

सूरत : एसजीसीसीआई को नया नेतृत्व, अशोक जीरावाला ने अध्यक्ष और रवि राज देसाई उपाध्यक्ष का पदभार संभाला 

सूरत। दक्षिण गुजरात की अग्रणी औद्योगिक संस्था द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में नेतृत्व परिवर्तन के तहत वरिष्ठ उद्योगपति अशोक जीरावाला ने अध्यक्ष पद और युवा उद्योगपति रवि राज देसाई ने उपाध्यक्ष पद का कार्यभार संभाल लिया है।

सरसाना स्थित सूरत इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में यह जिम्मेदारी पूर्व अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने औपचारिक रूप से सौंपी।

समारोह में कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद

समारोह में केन्द्रिय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटील, उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी, सुप्रिम कोर्ट न्यायाधिश जे.के. माहेश्वरी , उद्योगपति आनंद देशपांडे , बालाजी वेफर्स के संस्थापक चंदूभाई विरानी , राज्यसभा सांसद गोविंद ढोलकिया सहित कई उद्योगपति, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

निखिल मद्रासी का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा

वर्ष 2025-26 के दौरान निखिल मद्रासी के नेतृत्व में एसजीसीसीआई ने उद्योग हितों, व्यापारिक गतिविधियों, प्रदर्शनियों और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए। उनके कार्यकाल में संगठन की गतिविधियों में विस्तार हुआ और दक्षिण गुजरात के उद्योग जगत की आवाज को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से प्रस्तुत किया गया।

टेक्सटाइल क्षेत्र की मजबूत आवाज माने जाते हैं अशोक जीरावाला

नवनिर्वाचित अध्यक्ष अशोक जीरावाला दक्षिण गुजरात के टेक्सटाइल उद्योग का जाना-पहचाना नाम हैं। वे फेडरेशन ऑफ गुजरात वीवर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं और लंबे समय से बुनकरों तथा टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाते रहे हैं।

पिछले लगभग 20 वर्षों से चैंबर से जुड़े जीरावाला वर्ष 2025-26 में उपाध्यक्ष के रूप में सक्रिय रहे। उन्होंने उद्योगों के विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी प्रतिनिधित्व किया। उनका मानना है कि टेक्सटाइल उद्योग को ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीकों से जोड़कर वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ाना समय की मांग है।

रवि राज देसाई बने सबसे युवा उपाध्यक्ष

नए उपाध्यक्ष रवि राज देसाई चैंबर के इतिहास में सबसे कम उम्र में इस पद तक पहुंचने वाले उद्योग प्रतिनिधियों में शामिल हैं। वे इंजीनियरिंग और प्रबंधन की मजबूत शैक्षणिक पृष्ठभूमि रखते हैं तथा विभिन्न औद्योगिक और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हुए हैं। वर्तमान में वे कई उद्योग संगठनों और फाउंडेशनों में नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहे हैं।

नए नेतृत्व की प्राथमिकताएं

उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाना, टेक्सटाइल, डायमंड, केमिकल और फार्मा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में नई तकनीकों और नवाचार को बढ़ावा देना।

ऑटोमेशन और AI को बढ़ावा, उद्योगों को आधुनिक तकनीक, ऑटोमेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़कर उत्पादकता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा बढ़ाना।

वैश्विक बाजारों से संपर्क मजबूत करना, दक्षिण गुजरात के उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार, निवेश और साझेदारी के अवसरों से जोड़ना।

युवा नेतृत्व और उद्यमिता को प्रोत्साहन, नई पीढ़ी के उद्यमियों को उद्योग संगठनों और आर्थिक विकास की मुख्यधारा से जोड़ना।

चैंबर के नए नेतृत्व ने संकेत दिया है कि आने वाले समय में उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने, तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहन देने और दक्षिण गुजरात के व्यापारिक हितों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक मंचों पर और अधिक मजबूती से रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Tags: Surat SGCCI