सूरत : वराछा को-ऑपरेटिव बैंक को राष्ट्रीय स्तर पर तीन प्रतिष्ठित पुरस्कार

‘बेस्ट अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक’, ‘बेस्ट डिजिटल बैंक ऑफ द ईयर’ और ‘बेस्ट मोबाइल बैंकिंग इनिशिएटिव’ अवॉर्ड से सम्मानित

सूरत : वराछा को-ऑपरेटिव बैंक को राष्ट्रीय स्तर पर तीन प्रतिष्ठित पुरस्कार

गुजरात के अग्रणी मल्टी-स्टेट शेड्यूल्ड को-ऑपरेटिव बैंक, वराछा को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। बैंक को ‘भारत रत्न को-ऑपरेटिव अवॉर्ड्स-2026’ के तहत तीन प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित होटल रामाडा एवं कन्वेंशन सेंटर में 5 से 7 जून, 2026 तक आयोजित भारत को-ऑपरेटिव बैंकिंग समिट-2026 के दौरान प्रदान किए गए।

बैंक को ‘बेस्ट अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक’, ‘बेस्ट डिजिटल बैंक ऑफ द ईयर’ तथा ‘बेस्ट मोबाइल बैंकिंग इनिशिएटिव’ श्रेणियों में विजेता घोषित किया गया। ये पुरस्कार बैंक द्वारा पिछले तीन दशकों में अपने सदस्यों, ग्राहकों एवं समाज को प्रदान की गई उत्कृष्ट बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल बैंकिंग क्षेत्र में नवाचार तथा आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग की राष्ट्रीय स्तर पर मिली मान्यता का प्रतीक हैं।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में बैंक को भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा ‘शेड्यूल्ड बैंक’ का दर्जा प्रदान किया गया है, जो उसकी विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। इसके तुरंत बाद प्राप्त हुए ये तीन राष्ट्रीय पुरस्कार बैंक की उपलब्धियों में एक और गौरवशाली अध्याय जोड़ते हैं। पुरस्कार समारोह में बैंक के चेयरमैन नरेंद्रभाई कुकड़िया, डिप्टी जनरल मैनेजर सुरेशभाई काकड़िया तथा आईटी मैनेजर केतनभाई भालाला ने बैंक की ओर से सम्मान ग्रहण किया।

इस अवसर पर चेयरमैन नरेंद्रभाई कुकड़िया ने कहा कि बैंक 7,000 करोड़ रुपये से अधिक के व्यवसाय के साथ निरंतर प्रगति कर रहा है और ग्राहकों को बेहतर डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सदैव सकारात्मक सोच के साथ कार्यरत रहेगा। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय बैंक के सभी निदेशकों, प्रबंधन सदस्यों एवं कर्मचारियों की समर्पित कार्यशैली को जाता है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बैंक नवाचार, पारदर्शिता और उत्कृष्ट ग्राहक सेवा के मूल्यों के साथ भविष्य में भी नई ऊंचाइयों को छूता रहेगा। साथ ही उन्होंने बैंक के सभी निदेशकों, प्रबंधन सदस्यों, सभासदों, खाताधारकों और कर्मचारियों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी।

Tags: Surat