सूरत : विश्व पर्यावरण दिवस पर एनटीपीसी झनोर में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सीआईएसएफ कर्मियों ने पौधारोपण कर दिया हरित और स्वच्छ भविष्य का संदेश

सूरत : विश्व पर्यावरण दिवस पर एनटीपीसी झनोर में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

एनटीपीसी की झनोर-गंधार परियोजना में 5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस उत्साह, जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पश्चिम-I) एवं सीईओ (यूपीएल) ई. सत्य फणि कुमार तथा सखी महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती ई. सरोजा द्वारा वृक्षारोपण कर किया गया।

इस अवसर पर परियोजना प्रमुख (झनोर) दिनेश कुमार सिंह रौतेला सहित वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सीआईएसएफ कर्मियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान ई. सत्य फणि कुमार ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सीआईएसएफ कर्मियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि गैस आधारित परियोजनाएं अपेक्षाकृत अधिक स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल होती हैं। उन्होंने कहा कि कार्बन उत्सर्जन में कमी लाकर प्रदूषण को नियंत्रित करना समय की आवश्यकता है और एनटीपीसी इस दिशा में कार्बन रिडक्शन तथा सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

परियोजना प्रमुख दिनेश कुमार सिंह रौतेला ने अपने संदेश में कहा कि पृथ्वी केवल वर्तमान पीढ़ी की नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की भी अमूल्य धरोहर है। इसे हरित, स्वच्छ एवं प्रदूषण-मुक्त बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि भावी पीढ़ियों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन प्रकृति संरक्षण के संदेश, पर्यावरण जागरूकता तथा हरित एवं स्वच्छ भविष्य के संकल्प के साथ हुआ।

Tags: Surat