सूरत : एसजीसीसीआई के चार मेगा इवेंट्स का भव्य शुभारंभ, उद्योग और शिक्षा जगत में उत्साह

केमिकल-फार्मा एक्सपो, स्मार्ट एजुकेशन एक्सपो और स्टार्ट-अप समिट ने पहले ही दिन खींची भारी भीड़

सूरत : एसजीसीसीआई के चार मेगा इवेंट्स का भव्य शुभारंभ, उद्योग और शिक्षा जगत में उत्साह

सूरत। दक्षिण गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री(एसजीसीसीआई) द्वारा सूरत के सरसाणा इंटरनेशनल एग्ज़िबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में चार ऐतिहासिक मेगा इवेंट्स की शानदार शुरुआत की गई। इनमें केमिकल-फार्मा एक्सपो, स्मार्ट एजुकेशन एक्सपो, बिजनेस एक्सपो और सूरत स्टार्ट-अप समिट शामिल हैं।

टोरिन वेल्थ मैनेजमेंट के सहयोग से आयोजित ये कार्यक्रम 22 मई 2026 से शुरू होकर तीन दिनों तक सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक चलेंगे। उद्घाटन समारोह में उद्योग, शिक्षा और व्यापार जगत से जुड़े बड़ी संख्या में प्रतिनिधि मौजूद रहे।

चैंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने स्वागत भाषण में कहा कि वर्ष 1940 में केवल 16 सदस्यों से शुरू हुए इस संगठन से आज करीब 150 एसोसिएशन और 14,500 से अधिक सदस्य जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि चैंबर ने इस वर्ष रिकॉर्ड 22 एग्ज़िबिशन आयोजित कर एक नया इतिहास बनाया है।

सूरत में जल्द खुलेगा केमेक्सिल का हाई-टेक ऑफिस

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद  केमिक्सिल के अध्यक्ष सतिष वाघ ने कहा कि भारत की केमिकल और फार्मा इंडस्ट्री वैश्विक स्तर पर तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने सूरत में जल्द ही केमेक्सिल का हाई-टेक ऑफिस शुरू करने की घोषणा की।

उन्होंने बताया कि केमेक्सिल के देशभर में 4000 से अधिक सदस्य हैं, जिनमें से लगभग 2000 सदस्य केवल दक्षिण गुजरात से हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार दवाओं के निर्यात को लेकर सरल और व्यापक नारकोटिक्स पॉलिसी तैयार कर रही है, जिसमें सूरत और दक्षिण गुजरात के उद्योगपति महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इंडस्ट्री और एजुकेशन के इंटीग्रेशन पर जोर

स्मार्ट एजुकेशन एक्सपो के उद्घाटन अवसर पर वीएनएसजीयू के कुलपति किशोर सिंह चावडा ने उद्योग और शिक्षा के बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि सूरत के डायमंड, टेक्सटाइल, फार्मा और एविएशन सेक्टर को आधुनिक तकनीकी कौशल वाले युवाओं की जरूरत है। हर वर्ष यूनिवर्सिटी से लगभग 50 हजार छात्र स्नातक होते हैं और यदि उन्हें उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाए, तो वे औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

पहले दिन मिला शानदार रिस्पॉन्स

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में मौजूद जिग्नेश मोढवाणी ने एक साथ चार बड़े इवेंट्स आयोजित करने के लिए चैंबर की सराहना की।

अंत में चैंबर के उपाध्यक्ष अशोक जरीवाला ने आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि केमिकल और फार्मा एक्सपो भविष्य में और बड़े स्वरूप में आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर हिमांशु पटेल, केतन देसाई सहित कई उद्योगपति और व्यावसायिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।

चारों इवेंट्स को पहले ही दिन उद्योग जगत और युवाओं से शानदार प्रतिक्रिया मिली है। आयोजकों को उम्मीद है कि वीकेंड के दौरान बड़ी संख्या में विज़िटर्स इन मेगा इवेंट्स में शामिल होंगे।

 

Tags: Surat SGCCI