सूरत : वेसू में हाईराइज़ बिल्डिंग में भीषण आग, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म से 60 से अधिक लोगों का रेस्क्यू
जैनम द ग्रैंड अल्टिमा के C-टावर में मची अफरा-तफरी, धुएं से घिरे लोगों को बालकनी से सुरक्षित निकाला गया
सूरत। शहर के पॉश वेसू इलाके में स्थित एक हाईराइज़ रिहायशी इमारत में देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग जैनम द ग्रैंड अल्टिमा के C-टावर में लगी, जहां नौवीं और दसवीं मंजिल से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। घटना के समय अधिकांश परिवार अपने फ्लैटों में सो रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मशहूर अग्रवाल स्कूल के पास स्थित इस 13 मंजिला इमारत में आग लगने के बाद कुछ ही मिनटों में सीढ़ियों और लॉबी में घना धुआं भर गया।
ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग नीचे नहीं उतर सके और कई परिवार बालकनी में आकर मदद के लिए पुकार लगाने लगे। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही फायर विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अत्याधुनिक 90 मीटर हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म वाहन को भी तैनात किया गया।
दमकल कर्मियों ने जोखिम भरा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों समेत 60 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
फायर टीम ने हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से बिल्डिंग की ऊंचाई तक पहुंचकर सीधे आग पर पानी की बौछार की और लंबी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के चलते बड़ा हादसा टल गया।
