सूरत : पर्वत बारडोली माहेश्वरी सभा की नई कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित
श्याम धूत बने अध्यक्ष, सर्वसम्मति से गठित हुई वर्ष 2026-29 की नई टीम
सूरत जिला माहेश्वरी सभा के अंतर्गत आने वाली क्षेत्रीय इकाई पर्वत बारडोली माहेश्वरी सभा के सत्र 2026-29 के चुनाव शुक्रवार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुए। सभी पदों पर सर्वसम्मति बनने के कारण चुनाव निर्विरोध संपन्न हुए और नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत श्याम धूत को अध्यक्ष, गिरीराज रांदड़ को सचिव, ब्रदी भूतड़ा को कोषाध्यक्ष तथा मनीष माहेश्वरी को संगठन मंत्री पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इसके अलावा प्रकाश भट्टड़ एवं राजेश राठी को उपाध्यक्ष तथा श्रवण लाहोटी एवं हरीश मूंदड़ा को सहसचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सभा के संरक्षक टीकम असावा ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए सभी निर्वाचित पदाधिकारियों तथा चुनाव अधिकारियों श्रीलाल सारड़ा, महेंद्र झंवर और गोपाल भराड़िया का सफल निर्वाचन प्रक्रिया के लिए आभार व्यक्त किया।
सभा के निवर्तमान अध्यक्ष रामवतार झंवर ने नवनिर्वाचित टीम को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी समाजहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नई ऊर्जा, समर्पण और टीम भावना के साथ कार्य करेगी।
सभा के वरिष्ठ सदस्य उमेश चौधरी एवं आशीष पेड़ीवाल ने भी सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाज द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी पदाधिकारी समर्पित भाव से कार्य करें।
