सूरत : डीजीवीसीएल के कार्य के कारण 4 जून को लिंबायत-गोडादरा क्षेत्र में जलापूर्ति रहेगी प्रभावित

गोडादरा जल वितरण केंद्र पर 22 केवी विद्युत लाइन में RMU स्थापना कार्य के चलते कई आवासीय क्षेत्रों में पानी बंद या कम दबाव से मिलने की संभावना

सूरत : डीजीवीसीएल के कार्य के कारण 4 जून को लिंबायत-गोडादरा क्षेत्र में जलापूर्ति रहेगी प्रभावित

सूरत। सूरत महानगरपालिका (एसएमसी) के हाइड्रोलिक विभाग द्वारा शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने के लिए समय-समय पर रखरखाव और तकनीकी उन्नयन कार्य किए जाते हैं।

इसी क्रम में दक्षिण गुजरात विज कंपनी लिमिटेड (डीजीवीसीएल) द्वारा लिंबायत ज़ोन स्थित गोडादरा जल वितरण केंद्र (Water Distribution Station) पर 22 केवी विद्युत आपूर्ति लाइन पर रिंग मेन्स यूनिट (आरएमयू) की स्थापना एवं कमीशनिंग का कार्य किया जाएगा।

इस कार्य के कारण गुरुवार, 4 जून को सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी, जिससे गोडादरा जल वितरण केंद्र से होने वाली जलापूर्ति पर भी असर पड़ेगा। नगर निगम ने नागरिकों को पहले से आवश्यक मात्रा में पानी संग्रहित करने की सलाह दी है।

महानगरपालिका के अनुसार, ओवरहेड टैंक से जुड़े लिंबायत एवं गोडादरा क्षेत्र के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति बंद रहने अथवा कम दबाव से मिलने की संभावना है।

प्रभावित क्षेत्रों में आरूप नगर, खोडियार नगर, महाराणा प्रताप सोसायटी, प्रियंका-3 एवं 4, नीलकंठ नगर, देवी दर्शन, ऋषि नगर, प्रियंका मेगा सिटी, धीरज नगर पार्ट-1 एवं 2, शिवपार्क, पटेलनगर, शिवसागर, सुदा आवास, गोडादरा गांव ताल, मानसरोवर सोसायटी, वृंदावन, इंद्रलोक, स्वामीनारायण नगर, कृष्णा पार्क, शामलाधाम, रघुवीर रो-हाउस तथा लक्ष्मीनारायण सोसायटी शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त गुरु नगर सोसायटी, वीर दर्शन, हरे कृष्णा, वृंदावन, नंदनवन, प्रियंका सिटी प्लस, जे.बी. नगर, लक्ष्मी पार्क सहित स्काई व्यू हाइट्स, स्काईलॉन हाइट्स तथा सफायर-8 जैसे बहुमंजिला आवासीय प्रकल्पों में भी जलापूर्ति प्रभावित होने की संभावना व्यक्त की गई है।

महानगरपालिका ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए अस्थायी असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।

Tags: Surat