सूरत : वीएनएसजीयू यूनिवर्सिटी स्थापना दिवस पर भव्य रोजगार मेले का आयोजन

वीएनएसजीयू और रोजगार कार्यालय की संयुक्त पहल, 24 कंपनियों ने 758 पदों के लिए किए इंटरव्यू; 305 उम्मीदवारों का प्रारंभिक चयन

सूरत : वीएनएसजीयू यूनिवर्सिटी स्थापना दिवस पर भव्य रोजगार मेले का आयोजन

सूरत। वीर नर्मद साउथ गुजरात यूनिवर्सिटी, के 61वें स्थापना दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में रोजगार भर्ती मेले का आयोजन किया गया।

यह मेगा रिक्रूटमेंट फेयर विश्वविद्यालय के असिस्टेंट डायरेक्टर (एम्प्लॉयमेंट) कार्यालय और रोजगार कार्यालय की संयुक्त पहल से आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की नामी कंपनियों ने भाग लेकर युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए।

कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. किशोर सिंह चावड़ा और रजिस्ट्रार डॉ. आर.सी. गढ़वी ने किया। इस अवसर पर रोजगार कार्यालय, सूरत की असिस्टेंट डायरेक्टर पारुलबेन पटेल, बिपिनभाई मंगुकिया, यूनिवर्सिटी प्लेसमेंट ऑफिसर दर्शन पुरोहित सहित रोजगार कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रोजगार मेले में आईटी, कॉमर्स, मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग तथा अन्य शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक क्षेत्रों से संबंधित कुल 24 कंपनियों ने हिस्सा लिया।

इनमें विद्यादीप यूनिवर्सिटी, धर्मनंदन डायमंड, हरिराम इंजीनियरिंग, हरिकृष्ण एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड, एक्सिस बैंक, शुभलक्ष्मी वैल्यूअर्स, नानावटी ऑटोमोटिव, अरिहंत डायमंड, श्रीजी ऑटोमार्ट और खिमजी रामदास इंडिया प्राइवेट लिमिटेड जैसी प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल थीं।

भर्ती मेले में कुल 758 रिक्त पदों के लिए 350 से अधिक उम्मीदवारों ने भाग लिया। इंटरव्यू और प्रारंभिक चयन प्रक्रिया के दौरान 305 उम्मीदवारों का एक या एक से अधिक कंपनियों में चयन किया गया।

चयनित उम्मीदवारों को 15 हजार रुपये से लेकर 40 हजार रुपये तक के वेतन पैकेज की पेशकश की गई।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के रोजगार मेले छात्रों और युवाओं को उद्योग जगत से जोड़ने तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।