सूरत : एन्जॉय ग्रुप ने वृद्धाश्रम में किया सेवा कार्य, बुजुर्गों को वितरित की आवश्यक सामग्री
पंखे, साड़ियां, राशन एवं फल भेंट कर बुजुर्ग माताओं के प्रति जताया सम्मान, आश्रम प्रबंधन ने व्यक्त किया आभार
सामाजिक सरोकारों के तहत एन्जॉय ग्रुप, जॉगर्स पार्क द्वारा शनिवार को अमरोली रोड स्थित एक वृद्धाश्रम में सेवा कार्य का आयोजन किया गया। इस दौरान आश्रम में निवासरत बुजुर्ग माताओं को पंखे, साड़ियां, राशन सामग्री, फल सहित दैनिक उपयोग की कई आवश्यक वस्तुएं वितरित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने बुजुर्गों के साथ समय बिताकर उनका हालचाल जाना और उनके प्रति सम्मान एवं स्नेह व्यक्त किया। सेवा कार्य में फोस्टा डायरेक्टर जगदीश कोठारी, रामकुमार मूंधड़ा, अतुल मंत्री, ललित अग्रवाल, श्याम राठी, मुकेश बाहेती, हरीश माहेश्वरी, रामविलास जाजू तथा कैलाश सोमानी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
इस अवसर पर जगदीश कोठारी ने बताया कि एन्जॉय ग्रुप द्वारा केवल पुरुषोत्तम मास में ही नहीं, बल्कि विभिन्न त्योहारों और विशेष अवसरों पर भी वृद्धाश्रम में नियमित रूप से सेवा एवं सहयोग के कार्य किए जाते हैं। उनका उद्देश्य समाज के जरूरतमंद एवं बुजुर्ग वर्ग के जीवन में खुशियां लाना और उन्हें अपनापन महसूस कराना है।
कार्यक्रम के अंत में वृद्धाश्रम की संचालिका राधा बहन ने सभी अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का सम्मान कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य बुजुर्गों के जीवन में नई ऊर्जा और प्रसन्नता का संचार करते हैं।
