सूरत : माहेश्वरी लग्जरिया में श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन रुक्मिणी विवाह उत्सव का भव्य आयोजन
बांगड़ परिवार के आयोजन में श्रद्धालु भक्ति, भजन और मंगल गीतों में हुए सराबोर
सूरत के पर्वत पाटिया स्थित माहेश्वरी लग्जरिया में सीतादेवी-राधेश्याम बांगड़ परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन भगवान श्रीकृष्ण एवं रुक्मिणी जी के विवाह प्रसंग का भव्य आयोजन किया गया। कथा स्थल पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत वातावरण देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दिव्य प्रसंग का आनंद लिया।
आयोजक परिवार के बालमुकुंद बांगड़ ने बताया कि कथा के दौरान व्यासपीठ से संत दिग्विजयराम जी महाराज ने रुक्मिणी विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा रुक्मिणी हरण एवं विवाह की कथा सुन श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। आयोजन स्थल को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।
रुक्मिणी विवाह उत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं ने मंगल गीतों एवं भजनों के साथ उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में उपस्थित होकर धार्मिक कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का वितरण भी किया गया।
आयोजक परिवार के मुकेश बांगड़ एवं भरत बांगड़ ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का उद्देश्य समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना तथा लोगों को भक्ति से जोड़ना है। कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
शुक्रवार को आयोजित कथा में सूरत की कई प्रतिष्ठित संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता कर व्यासपीठ से आशीर्वाद प्राप्त किया। इनमें सुनील माहेश्वरी, ओमप्रकाश देवपुरा, रामसहाय सोनी, सुनील जागेटिया, राजेन्द्र लठ्ठा एवं सुरेश झंवर सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
