सूरत : सूरत के नए कलेक्टर बने तेजस परमार, विकास कार्यों और जनहित योजनाओं पर रहेगा फोकस
एसवीएनआईटी के पूर्व छात्र और पालनपुर के पहले आईएएस अधिकारी ने संभाला पदभार, अधिकारियों के साथ की पहली समीक्षा बैठक
सूरत। सूरत जिले के नए कलेक्टर एवं डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट के रूप में तेजस परमार ने सोमवार, 18 मई को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया।
राज्य सरकार द्वारा हाल ही में किए गए आईएएस अधिकारियों के तबादलों के तहत 2016 बैच के अधिकारी तेजस परमार को सूरत का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
इससे पहले यहां कलेक्टर के रूप में कार्यरत डॉ. सौरभ पारधी का तबादला गांधीनगर में सिविल सप्लाइज कॉर्पोरेशन के डायरेक्टर पद पर किया गया है।
सोमवार सुबह कलेक्टर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नए कलेक्टर का वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के प्रमुखों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान शहर के कई गणमान्य नागरिक और सामाजिक अग्रणी भी उपस्थित रहे। पदभार संभालने के तुरंत बाद तेजस परमार ने अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर जिले की प्रशासनिक और भौगोलिक स्थिति की प्रारंभिक समीक्षा की।
चार्ज संभालते ही नए कलेक्टर एक्शन मोड में दिखाई दिए। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर और जिले में चल रहे विकास कार्यों, इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में जनहित के लंबित मामलों के त्वरित समाधान और सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने पर विशेष चर्चा हुई।
एसवीएनआईटी से इंजीनियरिंग, युपीएससी में हासिल की थी 310वीं रैंक तेजस परमार मूल रूप से बनासकांठा जिले के पालनपुर के निवासी हैं। उन्होंने सरदार वल्लभभाई नेशनल इंस्टीट्युट ऑफ टेक्नोलॉजी (एसवीएनआईटी) से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है, जिसके कारण वे सूरत शहर की कार्यसंस्कृति और भौगोलिक परिस्थितियों से पहले से परिचित हैं।
उन्होंने युपीएससी परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 310वीं रैंक हासिल कर पालनपुर के पहले आईएएस अधिकारी बनने का गौरव प्राप्त किया था। अपने प्रशासनिक करियर में वे दाहोद में असिस्टेंट कलेक्टर, अमरेली में जिला विकास अधिकारी (डीडीओ), गांधीनगर में अर्बन डेवलपमेंट विभाग में डिप्टी सेक्रेटरी, मध्य गुजरात बिजली कंपनी लिमिटेड (एमजीवीसीएल) के मैनेजिंग डायरेक्टर तथा जूनागढ़ म्युनिसिपल कमिश्नर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में नए कलेक्टर ने कहा कि सूरत जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में प्रशासनिक टीम का हिस्सा बनना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और नागरिकों को समयबद्ध एवं व्यवस्थित सेवाएं उपलब्ध कराना होगी।
उन्होंने भरोसा जताया कि पूर्व कलेक्टरों द्वारा शुरू किए गए जनहित कार्यों को आगे बढ़ाते हुए प्रशासन भविष्य में और बेहतर काम करेगा, ताकि आम नागरिकों को न्याय और सहायता समय पर मिल सके।
